केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने देश में नक्सलवाद की स्थिति पर मंगलवार को कहा कि मई 2014 से अप्रैल 2019 के दौरान इसके पहले के पांच वर्षों की तुलना में नक्सली हिंसा से जुड़ी घटनाओं में 43 फीसदी तक कमी आई है।
संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में उन्होंने यह भी कहा कि नक्सली हिंसा की दो-तिहाई घटनाएं सिर्फ 10 जिलों में हुई हैं। उन्होंने कहा कि नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण नक्सली हिंसा में काफी कमी आई है और इसके भौगोलिक विस्तार में कमी आई है।
उन्होंने बताया कि 2016-19 के बीच नक्सली हिंसा की संख्या 2013-15 की तुलना में क्रमश: 15.8 फीसदी कम रही, जबकि इस कारण होने वाली मौत की संख्या में भी 16.6 फीसदी कमी आई। रेड्डी ने बताया कि 2018 में 30 जून तक नक्सली हिंसा में 139 लोगों की मौत हुई जबकि 2019 में इस दौरान 117 मौतें हुईं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार नक्सलवाद से निपटने के लिए एक समग्र नीति लागू कर रही है। इसके तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की तैनाती करने के साथ ही विकास कार्य किए जा रहे हैं।