जया बच्चन ने मांगी एम्बुलेंस के लिए अलग आपातकालीन लेन
समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने बुधवार को सदन में देशभर की सड़कों पर एम्बुलेंस के लिए अलग आपातकालीन लेन बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहां किराना 15 मिनट में और पिज्जा 30 मिनट में घर पहुंच जाता है, वहीं अस्पताल जाते समय एम्बुलेंस ट्रैफिक में फंस जाती है और मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। जया बच्चन ने यह मुद्दा राज्यसभा के जीरो ऑवर में उठाते हुए कहा कि इस देरी के कारण कितने मरीजों की मौत हो जाती है, इसका कोई राष्ट्रीय आंकड़ा तक नहीं है।
उन्होंने बताया कि 60% एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचतीं। शहरों में औसत देरी 15 से 30 मिनट की होती है। 55% एक्सीडेंट पीड़ितों की गोल्डन ऑवर में इलाज न मिलने के कारण मौत हो जाती है। सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में एम्बुलेंस कॉरिडोर बनाने का आदेश दिया था, लेकिन अभी तक लागू नहीं हुआ। हाईवे पर भी डेडिकेटेड लेन नहीं हैं, जबकि यह राष्ट्रीय एम्बुलेंस कोड 2016 में अनिवार्य है।
भाजपा सांसद ने जेंडर-सेंसिटिव केंद्र बनाने की मांग उठाई
राज्यसभा में चर्चा के दौरान भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने देश में महिलाओं के लिए जेंडर-सेंसिटिव मानसिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि हिंसा, उत्पीड़न और ट्रॉमा झेल चुकी महिलाओं के लिए सुलभ मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं बेहद कम हैं और इन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
ओवैसी का बयान: वायनाड गैर-मुस्लिम चुन सकता है, तो रायबरेली-अमेठी भी मुस्लिम चुन सकती हैं
एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान मुस्लिम प्रतिनिधित्व की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम-बहुल सीटें जैसे वायनाड गैर-मुस्लिम नेताओं को चुन सकती हैं, तो रायबरेली, अमेठी और इटावा जैसी सीटें भी मुस्लिम उम्मीदवारों को चुन सकती हैं। ओवैसी ने कहा कि लोकसभा में मुस्लिम सांसदों की संख्या बेहद कम है और यह स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने भीमराव अंबेडकर का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए राजनीतिक शक्ति सबसे कमजोर और वंचित वर्गों के हाथों में होनी चाहिए।
उन्होंने कहा अंबेडकर ने हमेशा कहा कि सामाजिक प्रगति की कुंजी राजनीतिक शक्ति है। यहां सिर्फ 4 प्रतिशत मुस्लिम सांसद हैं। सत्तारूढ़ पार्टी में तो एक भी मुस्लिम सदस्य नहीं है। ओवैसी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना साधते हुए कहा जब वायनाड जैसी मुस्लिम-बहुल सीट गैर-मुस्लिम चुन सकती है, तो रायबरेली, अमेठी और इटावा भी मुस्लिम प्रतिनिधि क्यों नहीं चुन सकतीं?