'सदन की कार्यवाही को रोकने का बहाना ढूंढ रहा विपक्ष'
समाचार एजेंसी 'पीटीआई' से बात करते हुए ठाकुर ने कहा, 'तीन राज्यों में चुनाव हारने के बाद विपक्ष सदन की कार्यवाही को रोकने का बहाना ढूंढ रहा है। जबकि स्पीकर ने विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों से बात की और उनसे सुझाव लिए हैं। साथ ही उन्होंने इस बात का भरोसा भी दिया है कि वो सदन की सुरक्षा को और बेहतर करेंगे। यह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि विपक्ष राजनीति की कर रहा है।'
विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा दिनभर के लिए स्थगित
विपक्षी सांसदों ने सुरक्षा में चूक मामले को लेकर राज्यसभा में चर्चा की मांग करते हुए आज अपना विरोध जारी रखा। हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक स्थगित किया गया। इसके बाद फिर सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो दोबारा हंगामा शुरू हो गया। जिसके कारण कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। सूचना और प्रसारण मंत्री ठाकुर ने कहा कि सदन की कार्यवाही रोककर विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दे पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रहा है।
संसद की सुरक्षा पर चर्चा की मांग कर रहा विपक्ष
दो दिन पहले राज्यसभा में सदन की कार्यवाही के दौरान सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। इसके बाद से विपक्ष इसका विरोध करते हुए इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है। इस घटना के छह आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। मुख्य आरोपी ललित झा भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।
18 दिसंबर को फिर शुरू होगी सदन की कार्यवाही
सभापति जगदीप धनखड़ ने 13 दिसंबर को संसद में सुरक्षा उल्लंघन के बाद पैदा हुई गंभीर स्थिति पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत 23 नोटिसों को मंजूरी नहीं दी। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। अब सदन 18 दिसंबर को फिर से शुरू होगा।