कालाधन रखने वालों को एक और मौका देने के लिए लाए गए आयकर संशोधन बिल ने सभी बाधा पार कर ली है। सरकार ने विपक्ष के भारी हंगामे और जबर्दस्त नारेबाजी के बीच लोकसभा में संशोधन बिल को पारित करा लिया है।
राष्ट्रपति की मुहर लगने के बाद संशोधन बिल कानूनी जामा पहन लेगा। इसके बाद खुद अपनी काली कमाई उजागर करने वालों को 49.9 फीसदी रकम कर, जुर्माने और गरीब कल्याण सेस के रूप में चुकाने के अलावा 25 फीसदी रकम गरीब कल्याण योजना में 4 साल के लिए निवेश करना होगा।
खुद अघोषित संपत्ति की घोषणा न करने वाले लोगों को अपनी अघोषित संपत्ति का 85 फीसदी हिस्सा कर और जुर्माने के रूप में भरना होगा।