फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Live: लोकसभा की कार्यवाही शनिवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित

Fri, 18 Sep 2020 10:40 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

संसद के मानसून सत्र का आज पांचवां दिन है। मोदी सरकार गुरुवार को लोकसभा से कृषि विधेयक पास कराने में बेशक सफल रही लेकिन उसकी सहयोगी शिरोमणि अकाली दल ने इसका विरोध किया है। विरोध जताते हुए पार्टी सांसद हरसिमरत कौर ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। वहीं कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने सरकार को किसान विरोधी बताया है। ऊपरी सदन ने आज होम्योपैथी संशोधन विधेयक पारित किया।  इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होने के कुछ देर बाद सदन में पीएम केयर्स फंड को लेकर हंगामा हो गया। जिसके बाद सदन की कार्यवाही को तीन बार स्थगित करना पड़ा। इसके बाद सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, जो काफी देर तक चली। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही कल दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।  यहां पढ़ें कार्यवाही से जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
राज्यसभा (फाइल फोटो) - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा की कार्यवाही शनिवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही कल दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

11:18 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा में वित्त मंक्षी निर्मला सीतरमण ने कहा, मनरेगा को लॉन्च करना एक बात है और उसे प्रभावी तरीके से लागू करना अलग बात है। कैग के अनुसार मनरेगा के फंड अदृश्य खातों में भेजे गए। वित्त मंत्री ने आगे कहा कि पीएम उज्जवला योजना के तहत 8.3 करोड़ परिवारों को एकबार में 1000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। तीन करोड़ वरिष्ठ नागरिक को भी 1000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।

10:37 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा: अनुदानों की अनुपूरक मांगों का प्रस्ताव पारित

लोकसभा ने 2020-21 के लिए अनुदानों की अनुपूरक मांगों और 2016-17 के लिए अतिरिक्त अनुदानों की मांगों के प्रस्ताव को पारित कर दिया है।

विज्ञापन
08:51 PM, 18-Sep-2020

गिरती अर्थव्यवस्था 'एक्ट ऑफ गॉड' नहीं, खराब गवर्नेंस है

लोकसभा में बीएसपी सांसद रीतेश पांडे ने कहा, सरकार के लिए कोरोना एक बहाना बन गया है। वह पिछले छह महीने की किसी भी नीतिगत असफलता के लिए इस 'एक्ट ऑफ गॉड' को जिम्मेदार ठहरा सकती है। मगर लोगों को भूलना नहीं चाहिए एक अच्छी अर्थव्यवस्था की असफलता 'एक्ट ऑफ गॉड' नहीं, खराब गवर्नेंस है।
 

08:47 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की सभी लोकसभा सदस्यों से अपील

मैं सभी माननीय सदस्यों से अपील करता हूं कि आपने असाधारण परिस्थितियों में जब सारा देश संक्रमण के संकट से जूझ रहा है, सभी माननीय सदस्यों ने अपने कर्तव्यों, संवैधानिक दायित्वों को निभाया : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
 
    

विज्ञापन
07:46 PM, 18-Sep-2020

सरकार को मनरेगा जैसी योजनाओं के लिए अधिक धन आवंटित करना चाहिए

लोकसभा में टीएमसी सांसद प्रो सौगत रॉय ने कहा, मांग-पक्ष के हस्तक्षेप की आवश्यकता है। सरकार को मनरेगा जैसी योजनाओं के लिए अधिक धन आवंटित करना चाहिए। अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए सूत्र उपलब्ध हैं लेकिन सरकार हवाई अड्डों को बेचने में व्यस्त है।
 

07:41 PM, 18-Sep-2020

वित्त मंत्री जीएसटी मुआवजे के मुद्दे को 'एक्ट ऑफ गॉड' कहकर हल्का कर रही हैं

लोकसभा में द्रमुक सांसद दयानिधि मारन ने कहा, वित्त मंत्री जीएसटी मुआवजे के मुद्दे को 'एक्ट ऑफ गॉड' कहकर हल्का कर रही हैं। केंद्र राज्यों से उधार के अतिरिक्त बोझ को वहन करने की उम्मीद कैसे कर सकता है? यह धोखे से कम नहीं है। हमें अर्थव्यवस्था में कुछ अच्छा नहीं दिखता। मैं सरकार और विशेष रूप से वित्त मंत्री से मौजूदा आर्थिक संकट पर एक श्वेत पत्र जारी करने और विपक्षी दलों, राज्य सरकार और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ एक परामर्शी दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह करता हूं।
 

07:25 PM, 18-Sep-2020

पीएम मोदी की प्राथमिकता में हमेशा गांव, गरीब व किसान रहा है- नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने एक और ट्वीट में कहा, 'प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्राथमिकता में हमेशा गांव, गरीब व किसान रहा है। उनके द्वारा लिया गया हर फैसला देश हित में होता है। किसान बिल 2020 भी इसी दिशा में किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लक्ष्य को पूरा करने वाला है। झूठ से बचें।'
 

07:22 PM, 18-Sep-2020

कृषि बिल 2020 पूरी तरह से किसान हितैषी-नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ट्वीट कर कहा, कुछ राजनीतिक दलों द्वारा झूठ फैलाकर, देश की जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास किया जा रहा है। कृषि बिल 2020 पूरी तरह से किसान हितैषी और उनकी आय में वृद्धि करने के लिए उठाया गया मोदी सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। झूठ को पहचानें, सच का साथ दें।
 

07:09 PM, 18-Sep-2020

यह एक 'नो डाटा सरकार' है- अधीर रंजन चौधरी

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, सरकार ने संसद में बताया कि लॉकडाउन के दौरान घर जाने की कोशिश में मारे गए प्रवासी मजदूरों का कोई आंकड़ा उनके पास नहीं है। रिपोर्टों के मुताबिक, एक हजार से अधिक लोगों की मौतें हुईं। जब हम नौकरियों पर सवाल पूछते हैं, तो सरकार कहती है कि उनके पास कोई डेटा नहीं है। यह एक 'नो डाटा सरकार' है।
 

07:02 PM, 18-Sep-2020

हमारी अर्थव्यवस्था अनलॉक के बाद गति पकड़ रही है-जयंत सिन्हा

लोकसभा में '2020-21 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांग' पर भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने कहा, मनेरगा के तहत रोजगार की मांग छह करोड़ से घटकर दो करोड़ तक आ गई है। इसकी वजह यह है कि हमारी अर्थव्यवस्था अनलॉक के बाद गति पकड़ रही है।
 

06:10 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा में सदन की कार्यवाही फिर से हुई शुरू 

विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद एक बार फिर लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है।

03:52 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा में सदन की कार्यवाही शाम छह बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा में सदन की कार्यवाही शाम छह बजे तक के लिए स्थगित की गई। 

03:51 PM, 18-Sep-2020

कांग्रेस को हर चीज में खामी नजर आती है

कांग्रेस नेता मनीष तिवारी के बयान पर वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, पीएम केयर्स फंड का विरोध, केवल विरोध के नाम पर हो रहा है, जिस तरह से इन्होंने ईवीएम का विरोध किया और कई चुनाव हारे। उन्होंने बाद में जन धन, विमुद्रीकरण, तीन तलाक और जीएसटी को बुरा बताया। उन्हें हर चीज में खामी नजर आती है।
 

03:43 PM, 18-Sep-2020

पीएम केयर्स फंड का नाम प्रधानमंत्री की संस्था से जुड़ा हुआ है

लोकसभा में कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, चूंकि पीएम केयर्स फंड का नाम प्रधानमंत्री की संस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह अधिक उपयुक्त नहीं होगा। अगर यह फंड सार्वजनिक विश्वास के बजाय कानून के माध्यम से बनाया गया होता।

03:11 PM, 18-Sep-2020

कर्मचारियों, पत्रकारों की रोजाना एंटीजन जांच अनिवार्य

सांसदों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के नए मामलों के आने के बाद अब नए प्रोटोकॉल के मुताबिक, संसद परिसर में प्रवेश करने वाले वहां के सभी कर्मचारियों और पत्रकारों की रोजाना एंटीजन जांच अनिवार्य कर दी गई है। संसद के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों सदनों के सदस्य एक निश्चित अंतराल के बाद आरटी-पीसीआर जांच करवा रहे हैं। सांसद चाहे जितनी बार, आरटी-पीसीआर जांच करा सकते हैं।

03:09 PM, 18-Sep-2020

लोकसभा की कार्यवाही शुरू

लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। 

01:13 PM, 18-Sep-2020

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही शनिवार सुबह नौ बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।

12:07 PM, 18-Sep-2020

होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (संशोधन) विधेयक हुआ पारित

राज्यसभा से होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (संशोधन) विधेयक, 2020 पारित हो गया।
 
 

12:06 PM, 18-Sep-2020

क्वैकेरी शब्द के इस्तेमाल से व्यथित हूं

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन राज्यसभा में कहा, सदन के एक सदस्य ने विधेयकों के माध्यम से की जाने वाली चिकित्सा की भारतीय प्रणालियों के सुधार और विनियमन को 'क्वैकेरी' (नीम-हकमी) के रूप में बढ़ावा दिया। इस शब्द के इस्तेमाल से मैं व्यथित हूं।
 
 

11:16 AM, 18-Sep-2020

संघवाद की जड़ों पर प्रहार कर रही है सरकार

होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (संशोधन) विधेयक और भारतीय चिकित्सा केंद्रीय परिषद (संशोधन) विधेयक पर डीएमके सांसद टी शिवा ने राज्यसभा में कहा, 'यह संघवाद की जड़ों पर प्रहार करने के लिए इस सरकार का एक और प्रयास है। जिस दिन से उन्होंने पदभार संभाला उस दिन से, अधिकांश विधेयकों ने राज्य सरकार की शक्तियों को छीन लिया है। स्थायी समिति ने बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि सलाहकार परिषद में राज्य चिकित्सा परिषदों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। इसलिए यह सिफारिश की जाती है कि राज्य चिकित्सा परिषदों के निर्वाचित सदस्यों के प्रतिनिधित्व के लिए एक प्रावधान होना चाहिए।'
 
 

11:08 AM, 18-Sep-2020

शरद पवार से संजय राउत करेंगे मुलाकात

शिवसेना सांसद संजय राउत आज राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं की ये मुलाकात कृषि विधेयक को लेकर होगी।

10:42 AM, 18-Sep-2020

शुरू हुई राज्यसभा की कार्यवाही

राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। ऊपरी सदन में होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (संशोधन) विधेयक, 2020 और भारतीय चिकित्सा केंद्रीय परिषद (संशोधन) विधेयक, 2020 पर चर्चा चल की जा रही है।

09:30 AM, 18-Sep-2020

राज्यसभा की कार्यवाही हुई स्थगित

राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य अशोक गस्ती को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया। गस्ती का गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कारण एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 55 साल के थे।

09:25 AM, 18-Sep-2020

Live: लोकसभा की कार्यवाही शनिवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित

कृषि विधेयक के पास होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकसभा से ऐतिहासिक कृषि सुधार विधेयकों का पारित होना देश के किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। ये विधेयक किसानों को बिचौलियों और तमाम अवरोधों से सही मायने में मुक्ति दिलाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग किसानों को गुमराह करने में लगे हुए हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें