झामुमो के शिबू सोरेन और डीएमके के टी शिवा सहित राज्यसभा के नए सदस्यों ने मानसून सत्र की शुरुआत में शपथ ली। कोविड-19 के मद्देनजर सांसदों द्वारा इस्तेमाल किए गए पेन को हर उपयोग के बाद बदला जा रहा है।
राज्यसभा सांसदों को कोविड-19 के मद्देनजर सामाजिक दूरी को सुनिश्चित करने के लिए आगंतुकों की गैलरी में बैठाया गया।
मीनाक्षी लेखी, अनंत कुमार हेगड़े और परवेश साहिब सिंह सहित 17 सांसदों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। इससे पहले आज सुबह नौ बजे से लेकर एक बजे तक लोकसभा की कार्यवाही हुई थी।
लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।
संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने टीएमसी सांसद सौगत रॉय द्वारा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर टिप्पणी किए जाने को लेकर कहा, 'व्यक्तिगत पोशाक पर टिप्पणी करना.. वरिष्ठ सदस्य होने के नाते वे किस तरह की बातें कर रहे हैं? उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। यह महिलाओं का अपमान है।' रॉय की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है।
केंद्र सरकार ने संसद में सोमवार को कहा कि 68 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान जान गंवाने वाले प्रवासी श्रमिकों की संख्या पर कोई डाटा उपलब्ध नहीं है। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय से लोकसभा में जानकारी मांगी गई थी कि क्या सरकार को इस बात की जानकारी है कि कितने प्रवासी श्रमिकों ने अपने मूल निवास लौटने की कोशिश में जान गंवाई और क्या राज्यवार आंकड़ा मौजूद है।
बीजू जनता दल (बीजेडी) के प्रसन्ना आचार्य ने कहा, 'राज्यसभा के उप-सभापति पद के लिए हमारी पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार हरिवंश का समर्थन करेगी।'
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'मुझे लगता है कि देश में अभी सबसे बड़ी चुनौती अर्थव्यवस्था और बेरोजगारी की स्थिति है। मुझे लगता है कि पहले दिन, आज हमें संसद में जो बहस करनी चाहिए वह अर्थव्यवस्था की स्थिति, महामारी और बेरोजगारी की चुनौतियों पर होनी चाहिए। यह एक वैश्विक परिदृश्य है और हम इसके जूझने वाले एकमात्र देश नहीं हैं लेकिन यह सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं इस सरकार को अर्थव्यवस्था या बेरोजगारी की चुनौतियों के बारे में बड़े पैमाने पर बात नहीं करते हुए नहीं देखा। हमें इसे प्राथमिकता पर रखना चाहिए।'
लोकसभा में कोरोना की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा, 'अधिकतम मामले और मौतें मुख्य रूप से महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, तेलंगाना, ओडिशा, असम, केरल और गुजरात में हुई हैं। इन सभी राज्यों में एक लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। वायरस को प्रबंधित करने के हमारे प्रयास से, भारत मामलों और मौतों को प्रति मिलियन सीमित करने में सक्षम रहा है। भारत में प्रति 10 लाख पर 3,328 मामले हैं और 55 मौतें हुई हैं। ये समान रूप से प्रभावित देशों की तुलना में दुनिया में सबसे कम है।'
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, 'नशीले पदार्थों की तस्करी/ लत की समस्या बढ़ रही है। देश के युवाओं को नष्ट करने के लिए षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। इसमें हमारे पड़ोसी देश योगदान कर रहै हैं। पाकिस्तान और चीन से हर साल ड्रग्स की तस्करी की जाती है। इसे पंजाब और नेपाल के जरिए लाया जाता है। फिल्म जगत में भी ड्रग्स की लत है। कई लोगों को पकड़ा गया है, एनसीबी बहुत अच्छा काम कर रहा है। मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि सख्त कार्रवाई की जाए, दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, उन्हें सजा दिलाई जाए और पड़ोसी देशों की साजिश का अंत किया जाए।'
डीएमके सांसद टीआर बालू ने कहा, 'मैं इस सदन और सरकार का ध्यान उन छात्रों की ओर आकर्षित करना चाहता हूं जिन्होंने नीट परीक्षा के कारण आत्महत्या कर ली है। ये सभी ग्रामीण पृष्ठभूमि से थे। उन्होंने राज्य बोर्ड के जरिए 12वीं पास की थी और नीट केवल सीबीएसई पाठ्यक्रम में आयोजित की जाती है। 12वीं के परिणाम के एक महीने के अंदर उन्हें नीट की परीक्षा देनी है और उन्हें कोई जानकारी नहीं हैं। सीबीएसई पाठ्यक्रम के किसी भी विषय को जाने बिना, वे असहाय हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। भारत के भावी डॉक्टरों ने आत्महत्या कर ली है।'
भाजपा सांसद प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'यह असाधारण स्थिति है। जब असेंबली एक भी दिन के लिए मिलने को तैयार नहीं हैं, तो हम लगभग 800-850 सांसदों से मिल रहे हैं। सरकार पर सवाल उठाने के कई तरीके हैं, सरकार चर्चा से भाग नहीं रही है। हम चर्चा के लिए तैयार हैं।'
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन सोमवार को संसद के दोनों सदनों को कोरोना और उसे लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे।
एआईएमआईएम अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि प्रश्नकाल और प्राइवेट मेंबर बिजनेस होना बहुत जरूरी है। विपक्ष के अन्य सदस्यों ने भी इसकी मांग की। वहीं तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने भी कहा कि प्रश्नकाल संसदीय प्रणाली के मूलभूत ढांचे से जुड़ा हुआ है।
कांग्रेस के नेता-प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'प्रश्नकाल स्वर्णिम घंटा है लेकिन आप कहते हैं कि परिस्थितियों के कारण इसे चालू नहीं रखा जा सकता है। आप संसद की कार्यवाही का संचालन कर रहे हैं लेकिन प्रश्नकाल को समाप्त कर दिया। आप लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं।'
लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई है। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है जब लोकसभा के सांसद राज्यसभा और राज्यसभा के सांसद लोकसभा में बैठेंगे। उन्होंने कहा कि हम इस सत्र को कोरोना प्रोटोकॉल के तहत चला रहे हैं।
शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, 'पूरा देश सैनिकों के साथ खड़ा है फिर चाहे केंद्र में किसी की भी सरकार हो। हम हमेशा ऐसा करेंगे।'
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा, 'सरकार संसद के प्रति जवाबदेह है। उन्होंने कब भारत और चीन के रक्षा और विदेश मंत्रियों की वार्ता पर हमें रिपोर्ट किया है? सरकार को देश को विश्वास में लेने की जरूरत है। सेना के समर्थन का प्रश्न बहस से परे है। हम मजबूती से अपनी सेना के साथ हैं।'
कोविड-19 महामारी के मद्देनजर पूर्व सांसदों/ एमएलसी/ विधायकों/ व्यक्तिगत सचिवों/ व्यक्तिगत सहायकों/ परिवार के सदस्यों/ निजी मेहमानों और संसद भवन के भीतर आने वाले आगंतुकों के प्रवेश पर अगले आदेश तक रोक लगाई गई है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित जसराज, वर्तमान लोकसभा सदस्य वसंतकुमार और 13 पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सोमवार को निचले सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित हो गई।
सांसद अपना विरोध दर्ज कराने के लिए मास्क पर नारे लिखकर लाए हैं। नीट के खिलाफ डीएमके ने मास्क पर 'बैन नीट, सेव तमिलनाडु स्टूडेंट्स' लिखा है।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और के सुरेश ने लोकसभा में लद्दाख में चीनी घुसपैठ को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है। कांग्रेस के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सरकार चीन पर अपना रुख साफ करे। उन्होंने चीन द्वारा जासूसी के मु्द्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि चीन भारत की बड़ी हस्तियों की जासूसी कर रहा है। भारत की जासूसी होना चिंता की बात है। चीन की शेनझेन इंफोटेक कंपनी जासूसी कर रही है।
लोकसभा में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी गई। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला ने उनका जिक्र करते हुए कहा कि वह एक सफल वक्ता और प्रशासक थे। उनका ज्ञान और अनुभव अद्वितीय था।
मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'संसद सत्र विशिष्ट समय पर शुरू हो रहा है। कोरोना भी है और कर्तव्य भी। सांसदों ने कर्तव्य का रास्ता चुना। मैं उनका अभिनंदन और आभार व्यक्त करता हूं। इस बार लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही एक दिन में अलग-अलग समय पर होगी। संसद की कार्यवाही शनिवार-रविवार को भी चलेगी। सभी सांसदों ने इसे स्वीकार किया है। जब तक दवाई नहीं तब तक कोई ढिलाई नहीं। हम चाहते हैं कि दुनिया के किसी भी कोने से जल्द से जल्द इसकी वैक्सीन विकसित हो, हमारे वैज्ञानिक सफल हों और हम इस समस्या से सभी को बाहर निकालने में सफल हों। मुझे विश्वास है कि सभी सदस्य मिलकर संदेश देंगे कि पूरा देश जवानों के साथ खड़ा है जो सीमा पर डटकर मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं।'
डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने कहा, 'नीट उन गरीब और ग्रामीण छात्रों को सपने से वंचित करता है जो स्कूली शिक्षा में उच्च अंक प्राप्त करते हैं। वे नीट की परीक्षा नहीं दे पाते क्योंकि वे निजी कोचिंग प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं। इस परीक्षा के डर से तमिलनाडु में 11 छात्रों ने आत्महत्या की है।'
मानसून सत्र की शुरुआत से पहले संसद परिसर में सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है।
मानसून सत्र की शुरुआत से पहले द्रविड़ मुनेत्र कड़घम (डीएमके) के सांसदों टीआर बालू और कनिमोझी ने संसद परिसर में नीट परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन किया।
कोविड-19 के मद्देनजर मानसून सत्र के दौरान सांसदों को कैंटीन में पैक्ड भोजन दिया जाएगा। इस संदर्भ में, संसद की कैंटीन से एक मेन्यू जारी किया गया है।