फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Live Updates: लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पारित

Wed, 23 Sep 2020 08:27 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session Live Updates: राज्यसभा को कोरोना के चलते अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। स्थगन से पहले आज राज्यसभा में 'अर्हित वित्तीय संविदा द्विपक्षीय नेटिंग विधेयक', 2020 को पारित किया गया। इसके अलावा तीन श्रम विधेयकों को पास किया गया। साथ ही 'जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक-2020' को पारित किया गया। कुल मिलाकर इस सत्र में 25 विधेयकों को पास किया गया। राज्यसभा ने आज नवंबर में सेवानिवृत्त हो रहे 11 सदस्यों को विदाई दी। दूसरी तरफ, विपक्ष के सांसदों ने कृषि विधेयक पर सदन का बहिष्कार किया। विपक्षी दलों के सदस्यों ने विपक्ष के नेता के कार्यालय में आगे की रणनीति को लेकर बैठक की। बैठक के बाद विपक्षी दलों द्वारा 'किसान बचाओ' के पोस्टर लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन किया गया। वहीं, शाम छह बजे से लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पेश किया गया। यहां पढ़ें सदन की कार्यवाही से जुड़े अपडेट्स- 
विज्ञापन
लोकसभा - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:13 PM, 23-Sep-2020

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी सांसदो का धन्यवाद किया। ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही का ब्योरा सदन के सामने रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए और कई विधेयकों में संशोधन किया गया। साथ ही कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।उन्होंने बताया कि सदन में शून्यकाल के दौरान सांसदों ने 370 लोक महत्व के मुद्दे उठाए। ओम बिड़ला ने कहा कि सदन के संचालन में सहयोग के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री, संसदीय कार्यमंत्री, लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की।

08:12 PM, 23-Sep-2020

महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 लोकसभा में पारित

महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 लोकसभा में ध्वनीमत से पारित कर दिया गया।

08:06 PM, 23-Sep-2020

लोकसभा में पहुंचे पीएम मोदी

महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में पहुंचे।

विज्ञापन
08:00 PM, 23-Sep-2020

यह बिल मुख्य रूप से पोर्ट सेक्टर में बदलाव के लिए लाया गया है- मंत्री

केंद्रीय पोत परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनसुख एल मांडविया ने विधेयक के बारे में बताते हुए कहा कि यह बिल मुख्य रूप से में पोर्ट सेक्टर में बदलाव के लिए लाया गया है। समय के साथ बदलाव होना आवश्यक है। इस बिल के पास होने से पोर्ट का महत्व देश के विकास में बढ़ेगा। आज मेजर पोर्ट के साथ-साथ प्राइवेट पोर्ट भी आ गए हैं इससे कंपटीशन बढ़ गया है। इस बिल से पोर्ट को अपने फैसले खुद करने में सहयोग मिलेगा।

07:49 PM, 23-Sep-2020

नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बिल का समर्थन किया

नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 का सर्मथन किया। उन्होंने पारादीप पोर्ट का नाम बीजू बाबू पोर्ट रखने की मांग का भी समर्थन किया।

विज्ञापन
07:46 PM, 23-Sep-2020

पारादीप पोर्ट का नाम बदलने की मांग

बीजेडी सांसद अनुभव मोहंती ने ओडिशा राज्य के जगतसिंहपुर में स्थित पारादीप बंदरगाह का नाम बीजू बाबू पोर्ट रखने की मांग की।

07:39 PM, 23-Sep-2020

'भावनगर में दो हजार की लागत से पोर्ट का निर्माण'

भावनगर से भाजपा सांसद भारतीबेन धीरूभाई शियाल ने लोकसभा में कहा कि गुजरात के भावनगर में दो हजार करोड़ रुपये की लागत से एक पोर्ट बनाया जा रहा है। इस पोर्ट के शुरू होने से कई लोगों को रोजगार मिलेगा।

07:30 PM, 23-Sep-2020

लोकसभा में महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पेश

केंद्रीय पोत परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनसुख एल मांडविया ने लोकसभा में महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पेश किया। इस बिल पर चर्चा हो रही है।

07:23 PM, 23-Sep-2020

'सदन की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए धन्यवाद'

संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सदन की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि 'आप सभी को सांसदो को मौका देकर 'जीरो आवर का हीरो' बन गए हैं। पहले हमें लोक महत्व के मुद्दों को उठाने के लिए बड़ी मुश्किल से 'जीरो आवर' मिलता था।'

07:20 PM, 23-Sep-2020

नोएडा में सेंट्रल यूनिवर्सिटी की मांग

गौतमबुद्ध नगर से भाजपा सांसद महेश शर्मा ने नोएडा में केंद्रीय विश्वविद्यालय की संख्या बढ़ाने की मांग रखी।

07:19 PM, 23-Sep-2020

पान के पत्तों की खेती को कृषि में शामिल करने की मांग

अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल ने चौरसिया समाज के उत्थान के लिए पान के पत्तों की खेती को कृषि में शामिल करने की मांग की। फिलहाल पान के पत्तों की खेती बागवानी के अंदर आती है। सांसद ने कहा कि कृषि में शामिल होने से फसल बीमा का लाभ पान के पत्तों की खेती करने वाले किसानों को मिलेगा।

07:15 PM, 23-Sep-2020

एएमयू में एससी-एसटी के छात्रों के लिए आरक्षण की मांग

अलीगढ़ से भाजपा सांसद सतीश कुमार गौतम ने कहा कि जिस तरह बीएचयू में एससी-एसटी के छात्रों को आरक्षण मिलता है, उसी तरह एएमयू के छात्रों को भी आरक्षण दिया जाए।

07:13 PM, 23-Sep-2020

'सांसदों को अपने मुद्दों को उठाने के लिए केवल एक मिनट का समय'

एमएनएफ के सांसद सी लालसरंगा ने सरकार से असम राइफल्स को आइजोल से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। सांसद दीया कुमारी ने राजस्थान के राजसमंद में पानी की कमी का मुद्दा उठाया। अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि सांसदों को अपने मुद्दों को उठाने के लिए केवल एक मिनट का समय मिलेगा।

06:24 PM, 23-Sep-2020

लोकसभा में लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों पर चर्चा

लोकसभा में अभी 'शून्यकाल' चल रहा है। इस दौरान लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों पर चर्चा हो रही है। कई सांसद अपने संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को सदन के सामने रख रहे हैं। 
 

06:11 PM, 23-Sep-2020

गुलाम नबी आजाद ने राष्ट्रपति से कृषि बिल वापस करने की मांग की

राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि 'न तो डिविजन ऑफ वोट हुआ न ध्वनिमत का सम्मान हुआ। लोकतंत्र के मंदिर में संविधान का अपमान किया गया। हमने राष्ट्रपति से कहा है कि कृषि विधेयकों को असंवैधानिक रूप से पारित किया गया है और उन्हें इन बिलों को वापस करना चाहिए।'

06:08 PM, 23-Sep-2020

गुलाम नबी आजाद ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की

कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने आज शाम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि- राष्ट्रपति से इस कृषि बिल को वापस कर देने की मांग की है। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि विपक्ष राज्यसभा में हंगामे के लिए जिम्मेदार नहीं है। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने राष्ट्रपति से कहा कि कृषि विधेयक पर हस्ताक्षर न करें।
 

06:02 PM, 23-Sep-2020

लोकसभा की कार्यवाही शुरू

लोकसभा की बुधवार की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। 

05:53 PM, 23-Sep-2020

विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन

कृषि विधेयक के खिलाफ विपक्षी सांसद, संसद भवन परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं।
 

02:15 PM, 23-Sep-2020

राज्यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। मानसून सत्र को एक अक्तूबर तक चलना था, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के चलते इस स्थगति कर दिया गया है। 
 

 

02:00 PM, 23-Sep-2020

राज्यसभा ने जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक-2020 को पारित किया

संसद ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक-2020 को मंजूरी प्रदान कर दी जिसमें पांच भाषाओं हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, कश्मीरी और डोगरी को केंद्र शासित प्रदेश की आधिकारिक भाषा का दर्जा देने का प्रावधान है। 

01:55 PM, 23-Sep-2020

जम्मू कश्मीर आधिकारिक भाषा बिल में पंजाबी को शामिल नहीं किए जाने से अकाली दल नाराज

शिरोमणि अकाली दल के सांसद नरेश गुजराल ने राज्यसभा में जम्मू कश्मीर आधिकारिक भाषा बिल, 2020 को लेकर कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि जम्मू-कश्मीर में एक आधिकारिक भाषा के रूप में पंजाबी को इस विधेयक में शामिल नहीं किया जा रहा है। पंजाबी उत्तर भारत की सबसे समृद्ध और प्राचीनतम भाषा है, जिसकी अपनी लिपि गुरुमुखी है।

उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर महाराजा रणजीत सिंह के साम्राज्य का एक हिस्सा था और उसके बाद भी पहले डोगरा महाराजा, महाराजा रणजीत सिंह के सेनापति थे। उस समय से लाखों पंजाबी जम्मू-कश्मीर में बस गए। जम्मू और कश्मीर के संविधान में पंजाबी उनकी आधिकारिक भाषा के रूप में वहां थी। 
 
 

01:30 PM, 23-Sep-2020

श्रम कानून में सुधारों से संबंधित तीन प्रमुख विधेयक पारित

राज्यसभा ने श्रम कानून में सुधारों से संबंधित तीन प्रमुख विधेयकों को पारित किया। राज्यसभा ने 'व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य की स्थिति कोड, 2020', 'औद्योगिक संबंध कोड 2020' और ' सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020' को पारित कर दिया है। लोकसभा ने कल इन विधेयकों को पारित कर दिया था।
 


 

12:56 PM, 23-Sep-2020

विपक्षी दलों ने सभापति नायडू को चिट्ठी लिखकर कहा, श्रम विधेयकों को न करें पारित

विपक्षी दलों ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को पत्र लिखकर कहा कि वह विपक्षी पार्टी के सांसदों की अनुपस्थिति में राज्यसभा में तीन श्रम संबंधी विधेयकों को पारित न करें।
 
 

12:44 PM, 23-Sep-2020

राज्यसभा ने सेवानिवृत्त हो रहे 11 सदस्यों को विदाई दी

राज्यसभा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, सपा नेता रामगोपाल यादव और कांग्रेस के राज बब्बर सहित अपने 11 सदस्यों की विदाई दी जो इस साल नवंबर में सेवानिवृत्त होंगे। सुबह जरूरी दस्तावेज सदन के पटल पर रखे जाने के बाद सभापति एम वेंकैया नायडू ने जिक्र किया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 सदस्य नवंबर में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

इन सदस्यों में नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा सदस्य नीरज शेखर और अरुण सिंह, सपा के राम गोपाल यादव, रवि प्रकाश वर्मा, जावेद अली खान और चंद्रपाल सिंह यादव, कांग्रेस के राज बब्बर और पी एल पुनिया तथा बसपा के वीर सिंह और राजा राम शामिल हैं।

12:22 PM, 23-Sep-2020

'किसान बचाओ' के पोस्टरों को लेकर किया जा रहा प्रदर्शन

विपक्षी दलों के सांसदों द्वारा संसद परिसर में संयुक्त रूप से कृषि विधेयकों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सांसदों ने 'किसान बचाओ' और 'किसान बचाओ, मजदूर बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किए। कांग्रेस के सांसद गुलाम नबी आजाद, टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन और एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल सहित अन्य सांसदों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
 
 

12:08 PM, 23-Sep-2020

विपक्षी दलों की कृषि विधेयकों पर बैठक

सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करने वाले विपक्षी दलों के सांसद विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद के चैंबर में स्थित कार्यालय में बैठक कर रहे हैं। वे संसद में पारित कृषि विधेयकों पर अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
 

 

12:05 PM, 23-Sep-2020

पटना एसएसपी और मोतिहारी एएसपी लोकसभा विशेषाधिकार समिति के सामने होंगे पेश

पटना एसएसपी उपेंद्र कुमार और मोतिहारी एएसपी शैशव यादव कल लोकसभा विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे। बिहार भाजपा के प्रमुख और सांसद संजय जायसवाल ने अपने खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के लिए दोनों नेताओं के खिलाफ एक निजीकृत प्रस्ताव पारित किया।
 
 

12:01 PM, 23-Sep-2020

राज्यसभा ने 'अर्हित वित्तीय संविदा द्विपक्षीय नेटिंग विधेयक', 2020 पारित किया

राज्यसभा ने 'अर्हित वित्तीय संविदा द्विपक्षीय नेटिंग विधेयक', 2020 को पारित किया। लोकसभा ने 20 सितंबर को यह विधेयक पारित किया था।
 
 

11:57 AM, 23-Sep-2020

'बाइलेट्रल नेटिंग ऑफ क्वालिफाइड फाइनेंशियल कॉन्ट्रैक्ट्स बिल' वित्तीय नियामकों को सशक्त करेगा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, 'अर्हित वित्तीय संविदा द्विपक्षीय नेटिंग विधेयक' समाशोधन प्रणाली के बाहर द्विपक्षीय आधार पर दर्ज किए गए वित्तीय अनुबंधों को शामिल करता है। यह वित्तीय नियामकों आरबीआई, सेबी, आईआरडीएआई आदि को सशक्त करेगा। वे योग्य वित्तीय ठेकेदार के रूप में इसके दायरे में अनुबंध को अधिसूचित करेंगे। 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, 'अर्हित वित्तीय संविदा द्विपक्षीय नेटिंग विधेयक' पारित हो जाता है, तो भारत की वित्तीय स्थिरता पर बहुत बड़ा असर पड़ेगा और हमारे पास एक बड़ा बाजार होगा, जिसके परिणामस्वरूप व्यापार में अधिक से अधिक किफायती संसाधन होंगे।  
 

 

11:36 AM, 23-Sep-2020

राष्ट्रपति से आज शाम पांच बजे मिलेंगे विपक्ष के नेता

राष्ट्रपति हाउस ने विपक्षी दलों को कृषि विधेयकों को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने के लिए शाम 5 बजे का समय दिया। कोविड-19 प्रोटोकॉल के कारण केवल पांच विपक्षी नेताओं की ही मिलने की अनुमति दी गई है। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। गौरतलब है कि विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर राष्ट्रपति से मुलाका करने की मांग की थी।

 

 

11:21 AM, 23-Sep-2020

आंगनवाड़ी और आशा कर्मियों का मानदेय बढ़ाने की मांग

राज्यसभा में बीजू जनता दल (बीजेडी) के एक सदस्य ने आंगनवाड़ी और आशा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि करने की मांग करते हुए बुधवार को कहा कि इन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भी निरंतर कार्य किया है।

11:20 AM, 23-Sep-2020

भाजपा सांसद ने जताई चिंता

भाजपा के अरूण सिंह ने कहा कि विगत में ऐसे कई मामले सामने आए जिनमें विदेशों से पैसा किसी और कार्य के लिए आया लेकिन यहां वह निजी ऐशो-आराम और विलासिता में खर्च किया गया।सिंह ने कहा कि विधेयक के प्रावधानों से विदेशों से आने वाले अभिदाय की निगरानी में आसानी होगी और पैसे के दुरूपयोग पर रोक लग सकेगी।

11:14 AM, 23-Sep-2020

राज्यसभा ने विदेशी अभिदाय विनियमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दी

राज्यसभा ने बुधवार को विदेशी अभिदाय विनियमन संशोधन विधेयक 2020 को मंजूरी दे दी जिसमें विदेशी अंशदान प्राप्त करने वाले गैर सरकारी संगठनों के कामकाज में पारदर्शिता के लिए जरूरी प्रावधान किए गए हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि यह विधेयक किसी गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के खिलाफ नहीं है बल्कि उन एनजीओ के हित में है जो पूरी पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रहे हैं।

10:03 AM, 23-Sep-2020

बहिष्कार करने वाले दलों की विपक्ष के नेता के कार्यालय में बैठक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि राज्यसभा सत्र का बहिष्कार करने वाले विपक्षी दलों ने सदन में विपक्ष के नेता के कार्यालय में एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में लोकसभा में पारित कृषि विधेयकों को लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
 

 

09:16 AM, 23-Sep-2020

सरकार ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की सिफारिश की

विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने सदन को बताया है कि मुझे सदस्यों को सूचित करना है कि सरकार ने आज सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने की सिफारिश करने का निर्णय लिया है। लेकिन लोकसभा द्वारा पारित किए गए कुछ महत्वपूर्ण विधायी कार्य का सदन के अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने से पहले तक निपटान होगा। 
 

 

08:48 AM, 23-Sep-2020

एलआईसी के विनिवेश पर पुनर्विचार करने की मांग को लेकर शून्यकाल नोटिस

शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने 'भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के विनिवेश पर पुनर्विचार करने की मांग' को लेकर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया है।
 

 

08:47 AM, 23-Sep-2020

राजद सांसद मनोज झा का शून्यकाल नोटिस

राजद सांसद मनोज कुमार झा ने राज्यसभा में 'राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को स्वास्थ्य बीमा कवर की मांग' को लेकर शून्यकाल नोटिस दिया है।
 
 

08:47 AM, 23-Sep-2020

उपसभापति ने तोड़ा उपवास

राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने अपना उपवास समाप्त किया है। विपक्षी सांसदों द्वारा अपने साथ किए गए दुर्व्यवहार को लेकर उन्होंने एक दिवसीय उपवास रखा था। 
 
 

08:46 AM, 23-Sep-2020

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, 2020 पारित

संसद के मानसून सत्र का आज 10वां दिन है। राज्यसभा से निलंबित आठ सांसदों का धरना खत्म हो चुका है। विपक्ष ने सांसदों के निलंबन वापस नहीं लिए जाने तक पूरे सत्र का बहिष्कार करने का फैसला किया है। विपक्ष के सांसदों के द्वारा किए गए दुर्व्यवहार को लेकर उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने उपवास रखा, जिसे उन्होंने आज तोड़ा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें