स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- कई पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हुए और उन्होंने प्लाज्मा भी डोनेट किया। हमने इन्हें कोरोना वॉरियर्स का नाम दिया। आज हम एक बार फिर तमाम कोरोना वॉरियर्स दिल की गहराइयों से धन्यवाद करते हैं।
लोकसभा में महामारी संशोधन विधेयक 2020 पर चर्चा शुरू हो गई है। प्रस्तावित संशोधन स्वास्थ्य पेशेवरों सहित अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करता है।
लोकसभा में दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (दूसरा संशोधन) विधेयक ध्वनि मत से पारित हो गया। कांग्रेस के सांसद अधीर रंजन चौधरी ने वोट डालने से पहले अपने वैधानिक प्रस्तावों को वापस ले लिया और वित्त मंत्री से आग्रह किया कि वे बिल के प्रावधानों को जमीनी स्तर पर लागू करना सुनिश्चित करें।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हिए सरकार को आईबीसी (दूसरा संशोधन) को कोविड-19 महामारी से नहीं जोड़ना चाहिए।
लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि निचले सदन में आठ विपक्षी सांसदों को एक हफ्ते के लिए निलंबित करने के मसले पर हंगामा हो सकता है।
सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में शिरोमणि अकाली दल का एक प्रतिनिधिमंडल आज शाम 4.30 बजे संसद में कृषि विधेयकों के पारित होने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेगा।
विपक्षी दलों के सांसदों सहित निलंबित सांसद, राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू द्वारा आठ सांसदों के निलंबन के खिलाफ संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
विपक्ष के भारी हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही को मंगलवार सुबह नौ बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। पीठासीन भुवनेश्वर कलिता ने निलंबित सांसदों से सदन से बाहर जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, सदन के सदस्य नियमों के अनुसार अपनी बात रख सकते हैं। यह पहले भी हो चुका है, कुछ भी अभूतपूर्व नहीं है।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर ने कहा, 'कई सदस्यों द्वारा कृषि विधेयक में संशोधन पर विचार नहीं किया गया और तथाकथित ध्वनि मत के जरिए इसे पास कर दिया गया। इस मामले में अध्यक्ष की भूमिका पूर्ववर्ती 'पक्षपातपूर्ण', अभूतपूर्व और गैरकानूनी थी। यदि संवैधानिक प्राधिकारी राज्यसभा अध्यक्ष नियमों के अऩुसार कार्य नहीं करेंगे तो देश फासीवाद की तरफ भले ही न बढ़े, लेकिन इसका बहुसंख्यकवाद का शिकार होना तय है।'
बीजद सांसद प्रसन्ना आचार्य ने राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया है। इसमें पारादीप पोर्ट का नाम ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के नाम पर रखने की मांग की गई है।
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी आज नियम 256 के तहत उपसभापति हरिवंश के साथ दुर्व्यवहार करने वाले सांसदों के खिलाफ संसद में निलंबन प्रस्ताव ला सकते हैं। इसकी जानकारी सूत्रों ने दी है।