मेरठ की युवती का मामला उठा
मेरठ की युवती को दुबई ले जाए जाने के लव जेहाद से संबंधित मामला संसद में बृहस्पतिवार को उठा। यह मुद्दा मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने उठाते हुए स्पीकर ओम बिड़ला से युवती की तलाश के लिए जांच शुरू कराए जाने की मांग की है। सांसद ने यहां तक कहा कि युवती की गुमशुदगी से क्षेत्र में चिंता फैल गई है।
सांसद ने शून्यकाल के दौरान कहा कि युवती को पूर्व निर्धारित योजना के तहत नदीम नाम के व्यक्ति ने उसका पासपोर्ट बनवाकर वीजा का प्रबंध किया। सांसद ने कहा कि पीड़िता के परिजनों ने उनसे खुद मुलाकात की है। इसके बाद ही युवती के गायब होने का मामला मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में लाया गया। सांसद ने आशंका व्यक्त की कि युवती को नदीम दुबई लेकर गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई में देरी की है। यही कारण है कि वह स्पीकर से युवती की तलाश के लिए जांच शुरू कराए जाने का आग्रह कर रहे हैं।
बसपा सांसद ने उठाया कांस्टेबल की मौत का मामला
बसपा सांसद दानिश अली ने भी संसद में उनके संसदीय क्षेत्र अमरोहा से संबंधित एक कांस्टेबल की थाने में मौत का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल प्रवीण कुमार बागपत में तैनात था। उसके परिजनों का आरोप है कि उसकी मौत नहीं बल्कि हत्या हुई है। प्रवीण की मौत थाने के ही दरोगा के रिवाल्वर की गोली लगने से हुई, लेकिन इस मामले पर अब तक पुलिस की ओर से केस दर्ज नहीं किया जा रहा है।
किसानों को न ठहराएं जिम्मेदारी- भगवंत मान
आप सांसद भगवंत मान और अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पराली जलाने के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं। उन्हें ऐसी फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए जिसमें पराली न बनती हो।
इलेक्टोरल ब़ॉन्ड पर सरकार को बनाएंगे जवाबदेह
कांग्रेस की संसदीय रणनीति बैठक को लेकर सूत्रों का कहना है, 'हम इलेक्टोरल बॉन्ड के मुद्दे को इतनी जल्दी खत्म नहीं होने देंगे। हम सरकार को जवाबदेह बनाएंगे। सरकार के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए विपक्षी दलों तक पहुंचकर हम इस पर विस्तृत चर्चा चाहते हैं। यदि सरकार इलेक्टोरल बॉन्ड पर चर्चा करने की अनुमति नहीं देती तो कांग्रेस सदन से वॉकआउट करेगी। कांग्रेस गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन भी करेगी।'
मिट्टी का कलश लेकर संसद पहुंचे मंत्री
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल आज जलियांवाला बाग की मिट्टी का कलश लेकर संसद पहुंचे। पीएम मोदी को ये कलश सौपेंगे। बता दें कि 19 नवंबर को राज्यसभा में जलियांवाला बाग नैशनल मेमोरियल (अमेंडमेंट) बिल पास हुआ था।
लोकसभा अध्यक्ष ने दी नसीहत
प्रश्नकाल के दौरान नारे लगा रहे कांग्रेस सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की नसीहत देते हुए कहा कि हमारा दायित्व है कि सदन की गरिमा को बनाए रखें। कृपया सदन के वेल में ना आएं। मैंने बहस और चर्चा का हमेशा मौका दिया है।
हाउस के वेल में न आएं
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने विपक्षी सांसदों के प्रश्नकाल के दौरान सदन में नारेबाजी करने को लेकर कहा, 'सदन की गरिमा को बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। कृपया हाउस के वेल में न आएं। मैंने हमेशा चर्चा और बहस के लिए सभी को मौका दिया है।'
शून्य काल में उठाया जा सकता है वनवासियों को जमीन के अधिकार से वंचित करने का मुद्दा
आप के राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने वन अधिकार कानून का सही तरीके से पालन नहीं होने से वनवासियों के वन संपदा और जमीन के अधिकार से वंचित होने का मुद्दा गुरुवार को उच्च सदन में शून्य काल में उठाने की अनुमति सभापति से मांगी है। सिंह ने राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को पत्र लिख कर कहा है कि वन क्षेत्र में निवास करने वाले वनवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए वन अधिकार क़ानून को लागू हुए 12 साल हो गए लेकिन यह समुचित तरीके से अमल में नहीं लाया जा सका है। इस कारण से देश के लाखों वनवासी वन संपदा और जमीन के अधिकार से वंचित होकर विस्थापन की स्थिति में आ गए हैं।