लोकसभा की कार्यवाही 11 फरवरी की शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
प्रधानमंत्री के द्वारा किसानों के मुद्दे पर बोलने के दौरान कांग्रेस सांसद लोकसभा से वॉक आउट कर गए। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन ने कहा कि पीएम मोदी हमारे सवालों के जवाब नहीं दे रहे थे इसलिए हमलोग वाक ऑउट कर गए।
पीएम मोदी ने कहा कि मांगने के लिए मजबूर करने वाली सोच लोकतंत्र की सोच नहीं हो सकती है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं हैरान हूं पहली बार एक नया तर्क आया है कि हमने मांगा नहीं तो आपने दिया क्यों। दहेज हो या तीन तलाक, किसी ने इसके लिए कानून बनाने की मांग नहीं की थी, लेकिन प्रगतिशील समाज के लिए आवश्यक होने के कारण कानून बनाया गया।
लोकसभा में विपक्षी दलों के हंगामे पर पीएम मोदी भड़क गए। उन्होंने कहा कि ठहरा हुआ पानी बीमार करता है। उन्होंने कहा कि संसद में ये हो-हल्ला, ये आवाज, ये रुकावटें डालने का प्रयास, एक सोची समझी रणनीति के तहत हो रहा है। रणनीति ये है कि जो झूठ, अफवाहें फैलाई गई हैं, उसका पर्दाफाश हो जाएगा। इसलिए हो-हल्ला मचाने का खेल चल रहा है।
पीएम बोले कुछ लोग ये कहते थे कि भारत एक जादू टोना वाला देश है लेकिन हमने यह भ्रम भी तोड़ा है। लोकतंत्र हमारी रगों और सांस में बुना हुआ है, हमारी हर सोच, हर पहल, हर प्रयास लोकतंत्र की भावना से भरा हुआ रहता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत किसी भी कीमत पर विश्व से कट कर नहीं रह सकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि हम आजादी के 75वें साल में दस्तक दे रहे हैं। यह हर भारतीय और आगे बढ़ने के अवसर के लिए गर्व की बात है। हम किसी भी कोने में हों या समाज के किसी भी वर्ग से हों, लेकिन हमें एक नया संकल्प करना चाहिए कि हम भारत को आजादी के 100 वर्षों में कहां ले जाना चाहते हैं।
राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति जी का भाषण भारत के 130 करोड़ भारतीयों की संकल्प शक्ति को प्रदर्शित करता है। विकट और विपरीत काल में भी ये देश किस प्रकार से अपना रास्ता चुनता है, रास्ता तय करता है और रास्ते पर चलते हुए सफलता प्राप्त करता है, ये सब राष्ट्रपति जी ने अपने अभिभाषण में कही।
राज्यसभा में कांग्रेस सांसद कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा। उन्होंने कहा कि देश में चार-पांच बड़े लोग हैं, जो लगभग सारी संपत्तियों के मालिक हैं। और एक बहुत बड़ा शख्स हर जगह हैं। मैं किसी का नाम नहीं लूंगा लेकिन वो हर जगह हैं। पोर्ट्स, एयरपोर्ट्स, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स, रेलवे... हर जगह...।असलियत तो ये है कि जिस जहाज में आप जाते थे, उसको एयरपोर्ट तो आपको देना ही होगा न। छह-सात एयरपोर्ट उनको दे दिए... नीति आयोग ने विरोध किया, वित्त मंत्रालय ने विरोध किया, उसको ओवररूल कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम चार बजे लोकसभा में बजट सत्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी। लोकसभा में पीएम मोदी किसान आंदोलन, अर्थव्यवस्था और भारत-चीन सीमा विवाद जैसे कई अहम मुद्दों पर विपक्ष के सवालों के जवाब दे सकते हैं।
राज्यसभा में बुधवार को भाजपा के एक सदस्य ने नयी अमेरिकी संघीय व्यय नीति की तर्ज पर ठेकों में भारतीय कंसल्टेंसी कंपनियों को प्राथमिकता दिए जाने के लिए नियम बनाने की मांग की। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा के डॉ विनय पी सहस्रबुद्धे ने कहा कि नए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने पिछले माह संघीय एजेंसियों को अमेरिका में ही उत्पादों की खरीद करने और सेवाएं देने के लिए कहा था
राज्यसभा ने महापत्तन प्राधिकरण विधेयक 2020 को मतविभाजन के बाद 44 के मुकाबले 84 मतों से मंजूरी दी।
केंद्र सरकार ने राज्यसभा में इस बात से इनकार किया कि जम्मू एवं कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाए जाने की पूर्व जानकारी किसी पत्रकार या आम नागरिक को थी। बता दें कि पांच अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त कर, उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था। इस आशय की घोषणा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में की थी।
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से एक लिखित सवाल में पूछा था कि क्या यह सच है कि पांच अगस्त 2019 को संसद में अनुच्छेद 370 के निरसन के संबंध में जानकारी दिए जाने से भी पहले इस गोपनीय जानकारी को एक पत्रकार सहित कुछेक नागरिकों के साथ साझा किया गया था ?इसके जवाब में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, ‘‘जी नहीं।’’
राज्यसभा में गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि देश के विभिन्न भागों में 2019 के दौरान राजद्रोह के 93 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 96 लोगों को गिरफ्तार किया गया। किशन रेड्डी ने कहा कि 2019 में 76 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किए गएा वहीं 29 लोगों को अदालतों ने बरी कर दिया।
रेड्डी ने बताया कि राजद्रोह के सबसे अधिक मामले 22 कर्नाटक में दर्ज किए, जहां 18 लोगों की गिरफ्तारी की गई । उन्होंने बताया कि असम में राजद्रोह के 17 मामले दर्ज किए गए जहां 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में राजद्रोह के 11 मामले दर्ज किए गए जहां 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में ऐसे 10 मामले दर्ज किए गए, जहां नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
चीन में मालवाहक जहाज एमवी अनास्तासिया में फंसे 18 भारतीय नाविक 14 फरवरी को भारत पहुंचेंगे: मनसुख मांडविया।
राज्यसभा में बुधवार को भाजपा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोरोना काल में स्कूलों के बंद होने के कारण बच्चों, खास कर लड़कियों के भविष्य और उनकी पढ़ाई पर प्रश्नचिह्न लगने तथा बाल विवाह के मामले बढ़ने का दावा करते हुए सरकार से मांग की कि राज्यों से बाल विवाह पर आंकड़े एकत्र करने के लिए कहा जाना चाहिए।
कांग्रेस सांसद मणीकम टैगोर ने लोकसभा स्पीकर को भारत-चीन सीमा मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव दिया।
राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत नियम तैयार किए जा रहे हैं। अधीनस्थ विधान, लोकसभा और राज्य सभा की समिति ने क्रमशः 9 अप्रैल 2021 और 9 जुलाई 20201 तक विस्तार दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन-लाइन का व्हिप जारी कर अपने लोकसभा सांसदों को आज सदन में मौजूद रहने को कहा है।
राज्यसभा के उप सभापति एम वेंकैया नायडू की अध्यक्षता में राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज सदन में आम बजट को लेकर चर्चा होने वाली है।