पीएमसी बैंक पर वित्त मंत्री ने दिया जवाब
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पीएमसी घोटाले पर कहा, 'इस बैंक के लगभग 78 प्रतिशत जमाकर्ताओं को अब अपने खाते में जमा पूरी राशि को निकालने की अनुमति दे दी गई है। जहां तक प्रमोटरों की बात है हमने यह सुनिश्चित किया है कि प्रमोटरों की संलग्न संपत्तियां कुछ शर्तों के तहत आरबीआई को दी जा सकती हैं। इसलिए उन संपत्तियों को नीलाम करके जमाकर्ताओं को पैसा दिया जा सकता है।'
विचारधारा में बदलाव की जरूरत है
राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने महिलाओ के खिलाफ होने वाले अपराधों पर कहा, 'जो आवश्यकता है वह नया विधेयक नहीं है। हमें राजनीतिक इच्छाशक्ति, प्रशासनिक कौशल, विचारधारा में बदलाव की जरूरत है और इसके बाद सामाजिक बुराई को मारनना चाहिए।'
जनता को सौंप दो ऐसे हैवान
समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने हैदराबाद घटना पर कहा, 'मुझे लगता है कि यह समय ऐसा है जब लोग चाहते हैं कि सरकार उचित और निश्चित जवाब दे। इस तरह के हैवानों (दुष्कर्म और हत्या के आरोपी) को जनता को सौंप दो और इनकी पीट-पीटकर हत्या कर दो। सरकार बताए कि निर्भया और कठुआ कांड में क्या हुआ?'
आरोपियों को 31 दिसंबर से पहले मौत की सजा
हैदराबाद की घटना पर एआईएडीएमके की सांसद विजिला सत्यनाथ ने कहा, 'देश महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है। इस अपराध को करने वाले चार आरोपियों को 31 दिसंबर से पहले मौत की सजा दी जानी चाहिए। एक फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जानी चाहिए। न्याय में देरी अन्याय होता है।'
सामाजिक सुधार के लिए सब आएं साथ
कांग्रेस सासंद अमी याज्निक ने राज्यसभा में हैदराबाद की घटना को लेकर कहा, 'मैं सभी प्रणालियों, न्यायपालिका, विधायी, कार्यकारी और अन्य प्रणालियों से अनुरोध करती हूं कि वे एक साथ आएं ताकि सामाजिक सुधार हो सके। इसे आपातकालीन आधार पर किया जाना चाहिए।'
कानून बनाने से हल नहीं होगी समस्या
कोई भी सरकार या नेता नहीं चाहता कि उनके राज्य में इस तरह की घटना घटे। यह समस्या केवल कानून बनाने से हल नहीं होगी। ऐसे कृत्यों को जड़ से खत्म करने के लिए, ऐसे अपराधों के खिलाफ एक साथ खड़े होने की जरूरत है।
लोकसभा में उठाया गया मुद्दा
लोकसभा में हैदराबाद की पशु चिकित्सक के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले को उठाया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा, 'देश में जो घटनाएं घट रही हैं उसपर संसद भी चिंतित है। मैंने प्रश्नकाल के बाद इस पर चर्चा की अनुमति दी है।'
बिना शर्त माफी मांगे अधीर रंजन
लोकसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को कहा था कि अमित शाह जी, नरेंद्र मोदी जी आप खुद घुसपैठिए हैं। घर आपका गुजरात आ गए दिल्ली, आप खुद प्रवासी हैं। इसपर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।'
कांग्रेस करेगी विरोध प्रदर्शन
सामूहिक दुष्कर्म की घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सहित अन्य जगहों पर मार्च निकाला था। अब सोमवार को वह संसद के बाहर इस घटना और महिलाओं की असुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
संजीव बलियान करेंगे मोदी से मुलाकात
खबर है कि राज्यमंत्री संजीव बलियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वह हैदराबाद सामूहिक दुष्कर्म और हत्याकांड के मुद्दे को प्रधानमंत्री के सामने उठाएंगे। इस मामले पर अभी तक प्रधानमंत्री ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
पुलिस करेगी याचिका
पशु चिकित्सक के साथ हुई दरिंदगी की जांच कर रही पुलिस आज अदालत में चारों आरोपियों से आगे की पूछताछ के लिए याचिका दायर कर हिरासत मांग सकती है। चारों आरोपियों मोहम्मद आरिफ, नवीन, चिंताकुंता केशावुलु और शिवा को शुक्रवार को उनके घर से गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल आरोपी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में हैं।
बनाया जाएगा फास्ट ट्रैक
तेलंगाना के मुऱख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पुलिस को सामूहिक दुष्कर्म की जांच जल्दी पूरी करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने घटना के आरोपियों को सख्त सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याया दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के आदेश दिए हैं।