राज्यसभा अब डिजिटल हो गई है। बता दें कि राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को राज्यसभा की कार्यवाही डिजिटल रूप से संचालित की। इससे एक नई परंपरा की शुरुआत हुई है और राज्यसभा ने कागज मुक्त होने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी से संसद भवन में मुलाकात की। हालांकि यह मुलाकात किस मुद्दे पर हुई इसका खुलासा नहीं हो सका है।
टीएमसी ने केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने बुधवार को केंद्र सरकार को निशाने पर लिया और संसद की कार्यवाही ना होने को संसदीय परंपरा की गंभीर तबाही बताया। डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि संसद का बड़ा नुकसान हो रहा है। सत्ता पक्ष के सांसद ही नारेबाजी कर रहे हैं और संसद को चलने नहीं दिया जा रहा है। बता दें कि बुधवार को भी सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित कर दी गई।
ये भी पढ़ें-
Modi Surname: दो साल की सजा के खिलाफ सूरत कोर्ट ने राहुल गांधी को दी फौरी राहत, अब आगे क्या होगा?
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 13 मार्च को शुरू हुआ था लेकिन शुरू होने के बाद से ही संसद की कार्यवाही नहीं चल पा रही है। दरअसल विपक्ष जहां अदाणी मामले पर जेपीसी के गठन की मांग पर अड़ा है। वहीं सत्ता पक्ष राहुल गांधी के लंदन में दिए बयान पर माफी की मांग पर अड़ा है। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही नहीं चल पा रही है। अब राहुल गांधी के मानहानि मामले में संसद सदस्यता जाने का मामला भी गरमा गया है। यही वजह है कि बजट सत्र का दूसरा चरण करीब-करीब हंगामे की भेंट चढ़ गया है।