केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि यह मामला पदोन्नति में आरक्षण लागू नहीं करने के उत्तराखंड सरकार के 2012 के फैसले के कारण उत्पन्न हुआ। 2012 में उत्तराखंड में कांग्रेस सत्ता में थी। इसके बाद कांग्रेस सदस्यों ने सदन से वॉक आउट किया।
प्रोन्नति में आरक्षण को लेकर लोकसभा में कांग्रेस और विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया। जिसके बाद सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में गार्गी कॉलेज में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ का मुद्दा उठाया है। इस पर जवाब देते गुए मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि यह मामला हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ बाहरी लोगों ने कॉलेज में प्रवेश किया था, जो सही नहीं है। कॉलेज प्रशासन को इस पर गौर करने के लिए कहा गया है।
आयुष मंत्री श्रीपद नाइक आज लोकसभा में शिक्षण और अनुसंधान संस्थान आयुर्वेद विधेयक 2020 प्रस्तुत करेंगे।
कांग्रेस ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस देते हुए कहा कि 'सरकारी सेवाओं में एससी और एसटी आरक्षण को कम नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि यह हमारे देश के पिछड़े समुदायों के लिए विनाशकारी होगा।'
कांग्रेस के लोकसभा सांसदों की बैठक आज सुबह 10.30 बजे कांग्रेस संसदीय दल कार्यालय में होने वाली है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के सांसद बिनॉय ने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है, जिसमें कहा गया है कि नौकरियों और प्रमोशन में आरक्षण मौलिक अधिकार नहीं हैं।