गोवा के मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से तीन यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि तीनों आबू धाबी से गोवा आए थे। इस दौरान राजस्व खुफिया निदेशालय ने उनके पास से लगभग 4 करोड़ रुपये का सोना और आईफोन जब्त किया है।
डीआरआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के इरफान (30), मुंबई के कामरान अहमद (38) और गुजरात के मोहम्मद इरफान गुलाम (37) के रूप में हुई है। तीनों को तस्करी रोधी एजेंसी ने शुक्रवार रात उत्तरी गोवा के हवाई अड्डे पर रोका था।
3 करोड़ से ऊपर है जब्त सामान की कीमत
उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने तीनों के पास से पेस्ट के रूप में 5.7 किलोग्राम सोना और 28 हाई-एंड आईफोन 15 प्रो मैक्स डिवाइस बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 3.92 करोड़ रुपये है।
तीनों सिंडिकेट का हैं हिस्सा
अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपी मुंबई और दुबई के बीच संचालित एक सिंडिकेट का हिस्सा हैं। यात्री 12 अक्तूबर को मुंबई से अबू धाबी गए और गोवा हवाई अड्डे पर सामान लेकर लौटे, जिसे वे चोरी-छिपे ले जाने की कोशिश कर रहे थे। जहां iPhone चेक-इन बैगेज में रखे गए पैकेट में लपेटे गए थे, वहीं सोने का पेस्ट दो यात्रियों के कमरबंद में छिपा हुआ था।