भारतीय सीमा में घुसा पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर
जहां एक तरफ भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव की स्थिति बरकरार है। वहीं एक बार फिर से पाकिस्तान की कायराना हरकत सामने आई है। दरअसल, एक वीडियो सामने आया है जिसमें पाकिस्तान के हेलीकॉप्टर को भारतीय सीमा के अंदर दाखिल होते हुए साफ देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार हेलीकॉप्टर को देखकर कुछ राउंड फायरिंग की गई लेकिन वह वापस चला गया। भारतीय एयरस्पेस में पाकिस्तान द्वारा किए इस उल्लंघन की वजह से दोनों देशों के बीच तनाव गहरा गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोपहर करीब 12:30 बजे पुंछ के गुलपुर सेक्टर में यह हेलीकॉप्टर भारतीय सीमा में देखा गया। केवल इतना ही नहीं यह सीमा के कई मीटर अंदर तक दाखिल हो गया था। वीडियो में भारतीय सुरक्षाबलों की तरफ से चलाई गई गोलियों की भी आवाजें सुनी जा सकती हैं। घुसपैठ के लिहाज से इस क्षेत्र को संवेदनशील माना जाता है।
पाकिस्तान का हेलीकॉप्टर जितनी ऊंचाई पर उड़ रहा था उससे आशंका जताई जा रही है कि यह इलाके की रेकी करने के मकसद से आया था। नियमों के अनुसार रोटर वाला कोई भी विमान नियंत्रण रेखा के एक किलोमीटर नजदीक नहीं आ सकता है। जबकि बिना रोटर वाला कोई भी विमान प्लेन सीमा के 10 किलोमीटर पास नहीं आ सकता है।
जम्मू में सेना के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 12:10 बजे हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सफेद रंग के हेलीकॉप्टर ने गूलपुर क्षेत्र में सीमा के इस तरफ प्रवेश किया और कुछ देर मंडराने के बाद लौट गया।
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के कड़े रुख से बौखलाकर ही पाकिस्तान ने यह कदम उठाया है। अपने संबोधन में स्वराज ने कहा कि पाक ऐसा पड़ोसी देश है जिसे आतंकवाद फैलाने के साथ-साथ अपने किए को नकारने में भी महारथ हासिल है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही पाकिस्तान की हरकतों पर रोक नहीं लगाई गई तो वहां से उठ रही आतंकवाद की आग में पूरी दुनिया जलेगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को संरक्षण देने का काम करता है।