पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में पवित्र कुरान का अपमान करने ने हिंसा हो गई। हिंसा में गुस्साई भीड़ ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी। वहीं आठ लोग इस हिंसा में घायल हो गए।
दरअसल पंजाब के सियालकोट जिले के रहने वाले इस व्यक्ति ने गुरुवार रात स्वात के मदयान तहसील में कथित तौर पर पवित्र कुरान के कुछ पन्ने जला दिए। स्वात के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) जहीदुल्लाह ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में लेकर मदयान थाने लाया गया। थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई। भीड़ पुलिस से उसे सौंपने की मांग करने लगी। पुलिस ने जब उसे सुपुर्द करने से इनकार किया तो भीड़ ने गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। डीपीओ ने बताया कि गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे मदयान अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यही नहीं भीड़ ने थाने में आग लगा दी। पुलिस अधिकारी जहीदुल्लाह ने बताया कि बाद में कुछ लोग पुलिस थाने में घुसे, संदिग्ध को गोली मारी, उसके शव को घसीटकर मद्यन अड्डा ले गए, उसे वहां लटका दिया। घटना के बाद भड़की हिंसा में आठ लोग घायल हो गए।
पुलिस ने यह भी बताया कि मद्यन में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वही मुख्यमंत्री केपीके अली अमीन गंदापुर ने अपवित्रीकरण की घटना पर संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रांतीय पुलिस प्रमुख से रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने आईजीपी को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों से शांत रहने का आग्रह किया।