कुलभूषण जाधव से मुलाकात के दौरान उनके परिजनों के साथ अमानवीय रवैया अपनाने वाला पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे पर नए नए पैंतरे चल रहा है। कुलभूषण की मां और पत्नी की जूतियां अपने पास रखने वाले पाक ने अब उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज कर यह साबित करने का प्रयास किया है कि उसने यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से उठाया था।
यह भी पढ़ेंः भारत की आपत्ति पर बोला पाक- जाधव की पत्नी की जूतियों में था संदिग्ध सामान, जांच जारी
बता दें कि दो दिन पहले पाकिस्तान ने कुलभूषण जाधव को उनकी मां और पत्नी से मिलने की इजाजत दे दी थी। इस्लामाबाद स्थित पाक के विदेश मंत्रालय में हुई यह मुलाकात लगातार सवालों के घेरे में हैं और इस दौरान परिजनों और कुलभूषण के साथ अमानवीय रवैया अपनाने के कारण पाकिस्तान को काफी किरकिरी झेलनी पड़ रही है।
पाक ने मुलाकात के दौरान कुलभूषण की मां अवंति और पत्नी चेतनाकुल की बिंदी और चूड़ियां तक उतरवा कर रख ली थीं। इसके अलावा दोनों महिलाओं के जूते तक उतरवा लिए गए थे। हालांकि बाद में उन्हें चूड़ियां और बिंदी तो वापस कर दी गईं लेकिन जूतियां पाकिस्तानी अधिकारियों ने अपने पास रख ली।