पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा हुआ है। दरअसल, लाहौर से कराची जा रही तेजगाम एक्सप्रेस की 5 बोगियां पटरी से उतर गईं। इस हादसे में 26 लोग घायल हुए हैं। पुलिस वालों ने कड़ी मशक्कत से सभी यात्रियों को खिड़कियां और दरवाजे काटकर सुरक्षित बाहर निकाला।
Pakistan Train Derailment: पाकिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है। लाहौर से कराची जा रही तेजगाम एक्सप्रेस की 5 बोगियां पटरी से उतर गईं. यह हादसा बहावलपुर-लोधरां सेक्शन के बीच आदम वाहन रेलवे स्टेशन के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में 26 लोग घायल हुए हैं।
विज्ञापन
देर रात मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही लोधरां के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल हफीज, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर लियाकत गिलानी मौके पर पहुंच गए। अंधेरे में राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पलटी हुई बोगियों में कई यात्री फंस गए थे। पुलिस वालों ने कड़ी मशक्कत से सभी यात्रियों को खिड़कियां और दरवाजे काटकर सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में अब तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है।
9 लोग गंभीर रूप से घायल
लोधरां रेस्क्यू 1122 के मुहम्मद सफदर ने कहा कि कुल 26 यात्री घायल हुए हैं। 17 यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। हालांकि, एक महिला समते नौ गंभीर घायलों को लोधरां के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक यात्री की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन ने आपात स्थिति को देखते हुए 35 बेड वाला एक अलग वार्ड आरक्षित कर दिया है।
क्या रही दुर्घटना की वजह?
पाकिस्तान रेलवे ने फिलहाल हादसे के कारणों पर चुप्पी साधी हुई है। हालांकि, जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेन के दो डिब्बों को जोड़ने वाला 'कपलर' अचानक टूट गया, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इंजन के साथ लगे पांच डिब्बे पूरी तरह पलट गए।
रेल यातायात प्रभावित
हादसे के बाद मुख्य ट्रैक पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। समसट्टा रेलवे जंक्शन से एक रिलीफ ट्रेन घटना स्थल पर भेजी गई है ताकि ट्रैक को साफ कर यातायात बहाल किया जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह तकनीकी खराबी थी या पटरी के रखरखाव में कोई लापरवाही।