जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मीर बाजार के निकट अखरान में आतंकियों ने सीआरपीएफ नाके पर हमला कर दिया। इसमें तीन जवान घायल हुए हैं। जेएंडके में सुरक्षा बलों के लगातार जारी ऑपरेशनों के चलते अब वहां पाकिस्तान के इशारे पर होने वाली लोकल आतंकियों की भर्ती बंद हो गई है। नतीजा, पाकिस्तान बौखला उठा है। एक तो नई भर्ती के लिए लोकल युवक नहीं मिल रहे, दूसरा पाकिस्तान स्थित लॉंचिंग पैड, प्रशिक्षित आतंकियों से भरे पड़े हैं। जवानों की अचूक पहरेदारी के चलते उन्हें बॉर्डर पार करने का मौका नहीं मिल रहा। ऐसे में अब विदेशी आतंकियों (पाकिस्तानी) की मदद के लिए 'ओवर ग्राउंड वर्कर' तैयार किए जा रहे हैं। अब ये ओवर ग्राउंड वर्कर, सुरक्षा बलों के लिए नई चुनौती बन रहे हैं। इन्हीं की मदद से अब लक्ष्य केंद्रित हमले कराए जा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक एसपी वैद्य के अनुसार, अब पाकिस्तान बौखलाता जा रहा है। वजह, जेएंडके में पाकिस्तान अपना दहशतगर्दी का एजेंडा आगे नहीं बढ़ा पा रहा। आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों के लगातार जारी ऑपरेशनों से पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी 'आईएसआई' का एजेंडा खत्म होता जा रहा है। अब पड़ोसी मुल्क, जेएंडके में 'ओवर ग्राउंड वर्कर' तैयार करने पर फोकस कर रहा है। हालांकि आतंकियों के इन मददगारों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आतंकियों के मददगारों को बाहर निकालने के लिए नियमित सर्च ऑपरेशन शुरू किए गए हैं। इसमें सुरक्षा बलों को सफलता भी मिल रही है। अब बड़ी चुनौती ओजीडब्लू हैं।
जम्मू-कश्मीर मामलों के सुरक्षा विशेषज्ञों कैप्टन अनिल गौर (रिटायर्ड) बताते हैं, सुरक्षा बलों के नियमित ऑपरेशनों का असर यह हुआ कि अब राज्य में आतंकवादियों का खात्मा होता जा रहा है। लोकल आतंकियों की भर्ती पूरी तरह बंद हो चुकी है। हाल ही में कश्मीर के आईजी सुजीत कुमार ने भी यह बात स्वीकार की है कि घाटी में स्थानीय युवाओं का दहशतगर्दों में शामिल होना, लगभग बंद हो गया है। आतंकी संगठन में इस साल अभी तक किसी भी नए स्थानीय युवक की भर्ती दर्ज नहीं हुई है। विदेशी आतंकी अब भी राज्य के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय हैं। अब सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती घाटी और दूसरे क्षेत्रों में छिपे तीन दर्जन पाकिस्तानी आतंकवादी नहीं हैं, क्योंकि देर सवेर उनका मारा जाना तय है। अब बड़ी चुनौती, आतंकियों के मददगार यानी 'ओवर ग्राउंड वर्कर' हैं। ये कोई भी हो सकते हैं। लोगों के बीच रहने वाले इन लोगों पर किसी को शक भी नहीं होता।
बतौर अनिल गौर, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अब जेएंडके में ओजीडब्लू की मदद ले रहे हैं। इसमें लोकल व्यक्ति को डरा-धमका कर या कुछ लालच देकर आतंकियों की मदद के लिए तैयार किया जाता है। सुरक्षा बलों ने इन मददगारों की तलाश करने के लिए अभियान चलाया हुआ है। प्रशासन ने आतंकियों के मददगार बने सरकारी महकमों के कई कर्मियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की है। पहले भी ऐसे ही ओजीडब्लू के जरिए पुलिस कर्मियों, प्रवासी मजदूरों और दूसरे लोगों को निशाना बनाया गया था। अब एक बार फिर वैसी ही घटनाएं देखने को मिल रही हैं। अनिल गौर ने कहा सेना, सीआरपीएफ और जेकेपी ने आतंकवाद की कमर तोड़ने के लिए शानदार काम किया है।
बता दें कि चार-पांच साल पहले तक जेएंडके में करीब डेढ़ सौ लोकल आतंकियों की भर्ती की जानकारी सामने आती रही हैं। अब वह आंकड़ा जीरो पर पहुंच गया है। यही बात पाकिस्तानी आईएसआई के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ऑपरेशन सिंदूर से पहले आतंकियों के लॉन्चिंग पैड, अंतरराष्ट्रीय सीमा से पांच दस किलोमीटर के दायरे में होते थे, अब उन्हें भी सीमा से काफी अंदर शिफ्ट कर दिया गया है। आईएसआई पर पाकिस्तान में ही नए आतंकी तैयार कर उन्हें जम्मू कश्मीर में भेजने का दबाव बढ़ रहा है।
दूसरी तरफ सुरक्षा बलों ने बॉर्डर पर ड्रोन, सीआईबीएमएस एवं दूसरे हाईटेक उपकरणों की मदद से फुलप्रूफ चौकसी की है। ऐसे में आईएसआई के लिए आतंकियों की घुसपैठ कराना आसान नहीं है। बर्फबारी से पहले सुरक्षा बलों का गहन सर्च ऑपरेशन शुरू हो चुका है। पाकिस्तान के आतंकी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' और 'लश्कर-ए-तैयबा' एवं इनके मुखौटे संगठनों से जुड़े 'ओजीडब्लू' की संख्या लगभग दो सौ बताई जा रही है। ये लोग, आतंकियों को राशन, गैस सिलेंडर और टैंट सप्लाई के अलावा सेना व दूसरे केंद्रीय बलों की मूवमेंट का अलर्ट भी देते हैं। कुछ ओजीडब्लू ऐसे भी हैं, जो टारगेट वाले हमले को अंजाम दे सकते हैं। हालांकि वे सुरक्षा बलों के साथ सीधी मुठभेड़ में शामिल नहीं होते। अब सुरक्षा बल, ऐसे ही स्लीपर सेल या हाईब्रिड टेरोरिस्ट की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर में पिछले दिनों सुरक्षा ग्रिड में एक अहम बदलाव के तहत गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय राइफल्स और सेना की लोकेशन पर सीआरपीएफ को तैनात करने का निर्णय लिया है। कठुआ और उधमपुर जिले में 21 अति-संवेदनशील लोकेशन पर अब सीआरपीएफ तैनात है। साथ ही जंगलों वाले इलाकों में सीआरपीएफ की विशेष इकाई 'कोबरा' को तैनात किया जा रहा है। कई दूसरे क्षेत्रों में भी सीआरपीएफ को अहम जिम्मेदारी दी गई है।