पाकिस्तान द्वारा किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए भारतीय सेना और वायुसेना भी पूरी तरह से तैयार है। भारत की खुफिया एजेंसियां पाकिस्तान की हर हरकत पर नजर बनाए हुए हैं। सीमा पर सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है। सेना, वायुसेना और नौसेना अपनी ताकत में लगातार इजाफा कर रही हैं। इस बाबत रक्षा खरीदारियों में भी तेजी देखी जा रही है।
इससे पहले बुधवार को जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इन दोनों आतंकियों ने पाकिस्तान की नापाक साजिश का खुलासा किया है। इसको लेकर बुधवार को चिनार सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एडीजी मुनीर खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सेना के अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना कोई भी कोशिश कर ले उसको मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को 1971 से भी कड़ा जवाब मिलेगा।
वीडियो में एक आतंकी जो चाय पीता दिख रहा है, उससे सेना ने पूछा कि चाय कैसे लगी। इस वीडियो में दोनों आतंकी यह कबूल करते दिख रहे हैं कि वह लश्कर-ए-तैयबा के साथ जुड़े हैं। आपको बता दें कि पाकिस्तानी एफ-16 विमान को मार गिराने वाले विंग कमांडर अभिनंदन को कैद करने के बाद पाकिस्तानी सेना ने भी उनसे यही सवाल किया था। जारी किए गए वीडियो के मुताबिक दोनों आतंकियों को आतंकी ट्रेनिंग के साथ ही भारतीय सेना के ठिकानों और घाटी में आतंक फैलाने के मकसद से घुसपैठ कराई।