फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan: इस्लामाबाद कूच पर शहबाज सरकार ने लगाया बैन, इमरान बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार

Tue, 24 May 2022 07:09 PM IST
शिव शरण शुक्ला वर्ल्ड न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

गठबंधन सरकार में गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन इमरान खान के समर्थक शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं चाह रहे।
विज्ञापन
इमरान खान और शहबाज शरीफ(फाइल) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के 25 मई को बहुचर्चित इस्लामाबाद कूच शुरू करने के एलान के बाद से शरीफ सरकार अलर्ट मोड में है। मंगलवार को पाकिस्तान सरकार ने उनकी पार्टी को उनके भ्रामक एजेंडे का प्रचार करने से रोकने के लिए 25 मई को होने वाली उनकी विशाल रैली को बैन कर दिया है। उनके खिलाफ इस कार्रवाई से पहले बीती रात को देश भर में इमरान खान के 100 से ज्यादा समर्थकों को गिरफ्तार किया गया था। 

विज्ञापन


अव्यवस्था और अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं 
गठबंधन सरकार में गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन इमरान खान के समर्थक शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं चाह रहे। उन्होंने कहा कि अगर इमरान खान के समर्थकों ने अपने प्रदर्शन को खूनी विरोध का नाम नहीं दिया होता, तो हमें कोई आपत्ति नहीं होती। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी को विरोध की आड़ में अव्यवस्था और अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं दे सकती। 

रोका जाएगा पीटीआई के कार्यकर्ताओं को
गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने आगे कहा कि पीटीआई के समर्थकों को रोका जाएगा ताकि उनके गलतफहमी पैदा करने वाले एजेंडे को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पीटीआई समर्थक गालियों और गोलियों की बातों पर आ गए थे। उन्होंने लाहौर में एक पुलिसकर्मी की हत्या का भी जिक्र किया, जिसकी हत्या पीटीआई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर मारी गई रेड के दौरान कर दी गई थी।
विज्ञापन

गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि इमरान खान की पार्टी प्रशासन को यह समझाने में फेल हो गई है कि 25 मार्च को होने वाला प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा। जिसके कारण कैबिनेट ने अराजकता को रोकने के लिए उनकी रैली को बैन करने का निर्णय लिया है। 



पंजाब प्रांत से पीटीआई के 100 कार्यकर्ता गिरफ्तार
इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी के 100 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस बात की भी पुष्टि की है कि ये गिरफ्तारियां सत्ताधारी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के इशारे पर की गई है। वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को आरोप लगाया था कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान देश में गृहयुद्ध कराना चाहते हैं।

इमरान खान ने किया था इस्लामाबाद कूच का एलान
गौरतलब है कि शनिवार को इमरान खान ने अपने समर्थकों से 25 मई को इस्लामाबाद तक शांतिपूर्ण मार्च करने का एलान किया था, ताकि नेशनल असेंबली को भंग करके देश में नए चुनाव कराने के लिए सरकार पर दबाव डाला जा सके। वहीं दूसरी ओर, गठबंधन वाली शहबाज शरीफ सरकार ने पहले ही इमरान खान की चुनाव कराने की मांग को खारिज कर दिया है। सरकार का कहना है कि वह अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आम चुनाव अगले साल होंगे। 

शांतिपूर्ण प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार : इमरान
पीटीआई प्रमुख इमरान खान ने मंगलवार तड़के ट्वीट कर कहा, 'शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन सभी नागरिकों का अधिकार है। पंजाब और इस्लामाबाद में पीटीआई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर क्रूर कार्रवाई की गई है। यह सरकार की फासीवादी प्रवृत्ति है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें