यह ट्रेन पाकिस्तान के लाहौर जंक्शन से सुबह 8.30 बजे रवाना होती है और दोपहर 12.30 बजे अटारी श्याम सिंह स्टेशन पहुंचती है। इसके बीच में एक हाल्ट वाघा पड़ता है। 27 किलोमीटर का सफर तय करने में यह ट्रेन चार घंटे का समय लेती है। ट्रेन की औसत गति सात किलोमीटर प्रतिघंटा रहती है। उत्तरी जोन की यह ट्रेन मेल/एक्सप्रेस है जो सप्ताह में दो दिन मंगलवार और गुरुवार को संचालित होती है।
समझौता एक्सप्रेस की सुरक्षा व्यवस्था भी आला दर्जे की रहती है। ट्रेन चलने से पहले जहां पटरियों की जांच की जाती है वहीं बीएसएफ के जवान घोड़ों पर सवार होकर ट्रेन के साथ चलते हैं। ट्रेन के हर कोच पर उनकी पैनी निगाह रहती है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। किसी भी तरह की संवेदनशील घटना होने पर या आपात स्थिति में तुरंत एक्शन लिया जाता है।
वहीं, भारत की ओर से ट्रेन का परिचालन रद्द करने के संबंध में रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि समझौता एक्सप्रेस को रद्द करने जैसा कोई निर्देश हमें नहीं मिला है। इस संबंध में जो दिशा-निर्देश दिए जाएंगे हम उनका पालन करेंगे।