संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के बंद कमरे में कश्मीर मसले पर हुई बैठक के बाद दुनिया के सामने भारत का रुख स्पष्ट करने के बाद यूएन में भारतीय राजदूत सैयद अकबरुद्दीन ने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान सवाल-जवाब हुए जिसमें तीन पाकिस्तानी पत्रकारों ने भारत-पाक रिश्तों पर तीखे सवाल किए।
तीसरे पत्रकार ने जैसे ही पूछा कि आप पाक से बातचीत कब शुरू करेंगे तो अकबरुद्दीन पोडियम से उतकर सवाल पूछने वाले से हाथ मिलाया और कहा, ‘सबसे पहले आपके पास आकर। आपसे हाथ मिलाकर करते हैं शुरुआत।’ अकबरुद्दीन ने पोडियम पर वापस जाते हुए कहा, ‘मैं आपको बताना चाहूंगा कि हम पहले ही दोस्ती का हाथ बढ़ा चुके हैं, ये कहते हुए कि हम शिमला समझौते पर प्रतिबद्ध हैं। हमें अब पाकिस्तान के उत्तर का इंतजार करना चाहिए।’
पाक पीएम इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर पर बुलाई गई गोपनीय बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर हुई बातचीत में मुंह की खाई है। ट्रंप ने स्पष्ट रूप से इमरान को कहा कि भारत-पाक के बीच तनाव कम करने के लिए वह अपनी तरफ से भारत के साथ द्विपक्षीय वार्ता करे।
इमरान की कोशिश संयुक्त राष्ट्र में बैठक से पहले ट्रंप को अपने पक्ष में करने की थी जिसे सिरे से खारिज कर दिया गया। व्हाइट हाउस के डिप्टी प्रेस सचिव होगन गिडले ने बयान जारी कर बताया कि ट्रंप ने खान से क्षेत्रीय विकास पर चर्चा करने के लिए बातचीत की। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाक पीएम को सलाह दी कि यदि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर भारत से तनाव कम करना चाहता है तो उसे द्विपक्षीय वार्ता की अहमियत समझनी होगी। इससे पहले इस्लामाबाद में पाक विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने पत्रकारों को बताया कि इमरान ने ट्रंप को कश्मीर के हालात व पाक की स्थिति से अवगत करा दिया है।