महाराष्ट्र के साइबर विभाग ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के अहम सरकारी और मूलभूत ढांचे से जुड़ी वेबसाइटों पर 15 लाख से ज्यादा साइबर हमले किए गए। इन हमलों के पीछे सात एडवांस्ड पर्सिस्टेंट थ्रेट (एपीटी) समूहों का हाथ है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि इनमें से केवल 150 हमले ही सफल रहे।
महाराष्ट्र साइबर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने बताया कि ये साइबर हमले बांगलादेश, पाकिस्तान, मध्य पूर्व और एक इंडोनेशियाई समूह से शुरू हुए। इन हमलों में अपनाए गए तरीकों में मालवेयर अभियानों, वेबसाइट को ठप करके (डीडीओएस) हमले और जीपीएस स्पूफिंग शामिल थे। भारतीय वेबसाइटों के रूप को बदलने (डेफेसमेंट) की भी सूचना मिली।
ये भी पढ़ें: कपिल सिब्बल बोले: पीएम ने न ट्रंप का नाम लिया, न US का; पहली बार किसी तीसरे देश ने हमारे मामले में दखल दिया
उन्होंने बताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम होने के बावजूद भारतीय सरकारी वेबसाइटों पर पड़ोसी देश पाकिस्तान, बांग्लादेश और पश्चिम एशियाई क्षेत्रों से लगातार साइबर हमले जारी हैं। पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र साइबर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन दावों को खारिज किया कि हैकरों ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से डाटा चुराया है या विमानन और नगर निकाय की प्रणाली को हैक किया है।
उन्होंने कहा, जांच में पाया गया कि भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष बंद होने के बाद भारत की सरकारी वेबसाइटों पर साइबर हमले कम हुए, लेकिन पूरी तरह से बंद नहीं हुए। ये हमले पाकिस्तान, बांगलादेश, इंडोनेशिया, मोरक्को और पश्चिम एशियाई देशों से जारी हैं।
ये भी पढ़ें: PM Modi on Pakistan: सीने पर वार करने से लेकर घमंड तोड़ने तक, प्रधानमंत्री मोदी के पाकिस्तान पर 5 कड़े प्रहार
'रोड ऑफ सिंदूर' नामक रिपोर्ट में राज्य की नोडल साइबर एजेंसी ने पाकिस्तान-समर्थित हैकिंग समूहों द्वारा चलाए गए साइबर अभियान का विवरण दिया है। इस रिपोर्ट को भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान के तहत तैयार किया गया है। रिपोर्ट को सभी प्रमुख कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंपा गया है, जिसमें राज्य के पुलिस महानिदेशक और खुफिया विभाग भी शामिल हैं।
रिपोर्ट में APT 36, Pakistan Cyber Force, Team Insane PK, Mysterious Bangladesh समेत सात हैकर समूहों के नाम लिए गए हैं। कुछ हमलों में कुलगांव-बदलापुर नगर परिषद और जालंधर डिफेंस नर्सिंग कॉलेज की वेबसाइटों के रूप को बिगाड़ दिया गया और मुंबई हवाई अड्डा, टेलीकॉम कंपनियों का डाटा चोरी होने का दावा भी किया गया। इसके अलावा, हैकर्स ने झूठे दावे किए कि भारत के उर्जा तंत्र, ब्रह्मोस मिसाइल के ठिकाने और उपग्रह प्रणाली को हैक किया गया। महाराष्ट्र साइबर ने 5000 से ज्यादा फर्जी खबरें हटाईं और नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूत्रों से जानकारी लें।