पाक पीएम नवाज शरीफ ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में पाकिस्तान के वे नेता भी शामिल हुए हैं जो नवाज को पानी पीकर कोसते हैं। क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान ने भी कुछ समय के लिए नवाज से दुश्मनी किनारे रख बैठक में हिस्सा लिया है। पाक मीडिया के मुताबिक नवाज की सर्वदलीय बैठक में 'वन प्वॉइंट एजेंडा' तय हुआ। पाक का यह वन प्वॉइंट एजेंडा है 'कश्मीर'।
सूत्रों की मानें तो बैठक में पाक पीएम नवाज के अलावा तमाम विपक्षी भारत के खिलाफ जमकर जहर उगल रहे हैं। नवाज और अन्य दलों ने सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि अब की बार कश्मीर को पाक में मिलाने के लिए आर-पार की लड़ाई होनी चाहिए।
पड़ोसी मुल्क के सभी दलों की आमराय से इस बात पर सहमति बन रही है कि पाक सरकार बड़े देशों का समर्थन हासिल करने के लिए सभी जगह अपने राजनयिक भेजेगी और वे वहां जाकर कश्मीर के बारे में गुहार लगाएंगे।
नवाज की बैठक में यह भी तय हुआ कि पाक की तरफ से एक शिष्ट मंडल संयुक्त राष्ट्र भी जाएगा जो वहा मानवाधिकारों की दुहाई देकर कश्मीर का मुद्दा उठाएगा।