पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान ने उड़ी में आतंकी हमलों की निंदा करते हुए दुनिया में शांति के लिए दुआ की है। पाकिस्तानी गायक शफाकत अमानत अली और अभिनेता फवाद खान के बाद माहिरा ने भी उड़ी हमलों की निंदा करने की हिम्मत दिखाई है।
दरअसल, पाकिस्तान अभिनेत्री का बयान उस समय आया है, जबकि पाकिस्तानी कलाकारों को बॉलीवुड में काम नहीं देने की मांग लगातार उठ रही है। वहीं उड़ी हमलों को लेकर कई पाकिस्तानी कलाकारों की चुप्पी को लेकर भी निशाना साधा गया है।
माहिरा सुपर स्टार शाहरुख खान के साथ बॉलीवुड में अपने फिल्मी कैरियर की शुरुआत करने जा रही हैं। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘एक पाकिस्तानी और दुनिया की नागरिक होने के नाते मैं हर आतंकी घटना की निंदा करती हूं। चाहे आतंकवाद किसी की भी सरजमीं पर भी हो।’ पाकिस्तानी अभिनेत्री ने कहा, ‘मैं हमेशा ऐसी दुनिया की उम्मीद और सपना देखती हूं जहां मेरे बच्चे बिना आतंकवाद के साये के रहे।’ सबसे पहले पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान ने आतंकी घटना की निंदा की थी।
अनुपम खेर ने भी उठाया था मुद्दा
अनुपम खेर
- फोटो : File Photo
इससे पहले दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने मंगलवार को कहा कि वह मानते हैं कि कला की कोई सीमा नहीं होती है, लेकिन भारत में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों की नैतिक जवाबदेही बनती है कि वह सार्वजनिक रूप से उड़ी हमले की निंदा करें।
उनका यह बयान एमएनएस नेता राज ठाकरे के उस बयान के बाद आया, जिसमें राज ठाकरे ने कहा कि हमले के बाद फवाद खान और माहिरा खान जैसे पाकिस्तानी कलाकारों को भारत छोड़ देना चाहिए, जिसमें 18 सैनिक शहीद हुए हैं। एमएनएस ने अब पाकिस्तानी कलाकारों के साथ फिल्मों की शूटिंग रोकने की धमकी दी है।
यह पूछे जाने पर कि भारतीय फिल्मों से पाकिस्तानी कलाकारों को प्रतिबंधित करना कहां तक सही है, इस पर अनुपम खेर ने कहा, ‘मेरा मानना है कि कला और संस्कृति की कोई सीमा नहीं होती है लेकिन यह अहम है और यहां काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों की नैतिक जवाबदेही बनती है कि वह आतंकी हमले की निंदा करें।