जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने विवादित बयान दे दिया है। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि देश में हिंदू-मुस्लिम हो रहा है, इससे मुसलमान असहज महसूस कर रहे हैं और यही कारण है कि पहचान पूछकर आतंकवादी हत्याएं कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साथ में ये भी साफ कर दिया है कि ये उनकी अपनी सोच है। कांग्रेस या उनके परिवार का इससे कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा ने वाड्रा के इस बयान की कड़ी निंदा की। भाजपा ने आरोप लगाया कि वाड्रा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर चरमपंथियों से मेल खाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया है। भाजपा ने वाड्रा से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा से अपना रुख स्पष्ट करने की अपील की।
#WATCH | #PahalgamTerroristAttack | Delhi | Businessman Robert Vadra says, "I feel terrible and my deepest condolences are for the people who have died in this terrorist act...In our country, we see that this government will talk about Hindutva, and the minorities feel… pic.twitter.com/Hi45M88xaK
इससे पहले आज सुबह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया तथा सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद किया। बता दें कि, आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। शाह हमले के कुछ घंटों के भीतर मंगलवार रात को श्रीनगर पहुंचे थे।
आंतक को सही ठहराने के लिए वाड्रा का बयान शर्मनाक: पूनावाला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वाड्रा के बयान को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर ऐसा बयान दिया है। पूनावाला ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की तरफ से पाकिस्तानी आतंकवादियों को बचाने की कोशिश है। वाड्रा का यह बयान इस्लामिक जिहाद के इस अपराध को सफेद करने और हिंदुओं को दोषी ठहराने और आतंक को सही ठहराने के लिए किया गया सबसे शर्मनाक बयान है। पूनावाला ने अतीत की घटनाओं के साथ समानताएं जोड़ते हुए कहा कि पहले भी 26/11 के मुंबई हमलों के बाद कांग्रेस ने हिंदुओं को दोषी ठहराया। पुलवामा हमले के बाद, उन्होंने सुरक्षा बलों को दोषी ठहराया।