पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ अपना कड़ा रुख दोहराया। भारतीय सेना ने कहा कि भारत के खिलाफ हर हमले का जवाब तय है और न्याय जरूर होगा।
पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी कड़ी और अटल नीति दोहराई है। सेना ने साफ कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी हमले का जवाब तय है और न्याय हर हाल में किया जाएगा। सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ हर कार्रवाई का जवाब मिलेगा। न्याय जरूर होगा। भारतीय सेना ने अपने पोस्ट में एक पोस्टर भी साझा किया गया, जिसमें तीन सैनिकों की तस्वीर के साथ ऑपरेशन सिंदूर जारी है लिखा था।
इसके साथ ही अपने पोस्ट में सेना ने ऑपरेशन महादेव का भी जिक्र किया, जिसे हमले के तुरंत बाद आतंकियों को पकड़ने और खत्म करने के लिए शुरू किया गया था। बता दें कि 22 अप्रैल 2025 का वो काला दिन जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला कर 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले से पूरे देश में गहरा आक्रोश फैल गया था और दुनियाभर में इसकी निंदा हुई थी।