नागर विमानन मंत्रालय के अनुरोध के बावजूद कई एयरलाइंस कश्मीर में फंसे पर्यटकों से घर वापसी के लिए मोटा किराया वसूल रही हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद एयरलाइंस ने श्रीनगर से देश के प्रमुख शहरों के लिए किराये में दो से चार गुना तक बढ़ोतरी कर दी। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा कर बताया कि इस मुश्किल हालात में भी एयरलाइन कंपनियां मुनाफा कमाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही हैं।
केंद्र सरकार ने होटल, ट्रांसपोर्ट, टूर, ऑनलाइन टूर ऑपरेटर व ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन को पत्र लिखकर टिकट बुकिंग रद्द करने पर पूरा पैसा वापस करने का निर्देश दिया है। लिखे पत्र में कहा गयाहै कि जो पर्यटक जम्मू-कश्मीर की यात्रा रद्द करना चाहते हैं, उनकी बुकिंग रद्द करने की फीस न काटी जाए। - वी विद्यावती, पर्यटन सचिव
नहीं हुआ असर
एयरलाइन ऑपरेटरों की वेबसाइट पर सर्च करने पर या तो टिकट के दाम बढ़े हुए हैं या फिर टिकट बिक चुके है। श्रीनगर से दिल्ली का बुधवार को किराया एक समय 50 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के पार पहुंच गया था। हालांकि मंत्रालय के निर्देश के बाद किराये में थोड़ी कमी आई, लेकिन बुधवार और बृहस्पतिवार की टिकटों के दाम अभी भी 17 हजार नजर आ रहे हैं। कुछ एयरलाइनों के दाम 23 हजार तक भी हैं।
इंडिगो, एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा और स्पाइसजेट ने रद्दीकरण शुल्क माफ किया
इंडिगो, एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा और स्पाइस जेट ने घोषणा की है कि 20 अप्रैल तक बुक की गई सभी श्रीनगर आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर 30 अप्रैल तक के लिए रद्दीकर और रिशेड्यूलिंग शुल्क माफ कर दिया गया है।