जाने-माने शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का अमेरिका के न्यू जर्सी में निधन हो गया है। वह 90 वर्ष के थे। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने दुख जताया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि पंडित जसराज के निधन ने मुझे निजी तौर पर दुखी किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'संगीत किंवदंती और अद्वितीय शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का निधन ने मुझे दुखी किया है। पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित जसराज ने आठ दशकों से अधिक के करियर को जीवंत करते हुए लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके परिवार, दोस्तों और संगीत के प्रति संवेदना।'
पंडित जसराज के निधन पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शोक व्यक्त किया और कहा, 'प्रख्यात संगीतविद् और गायक पंडित जसराज जी के निधन पर दुखी हूं, उनका निधन भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को आशीर्वाद दें। ओम शांति।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज ने निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनके देहावसान से भारतीय शास्त्रीय विधा में एक बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'पंडित जसराज जी के दुर्भाग्यपूर्ण निधन से भारतीय शास्त्रीय विधा में एक बड़ी रिक्तता पैदा हो गई है। न केवल उनका संगीत अप्रतिम था बल्कि उन्होंने कई अन्य शास्त्रीय गायकों के लिए अनोखे मार्गदर्शक के रूप में एक छाप छोड़ी। उनके परिवार और समस्त विश्व में उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।'
गृह मंत्री अमित शाह ने शास्त्रीय गायक के निधन पर दुख जताते हुए कहा, 'संगीत मार्तंड पंडित जसराज जी एक अविश्वसनीय कलाकार थे जिन्होंने अपनी जादुई आवाज से भारतीय शास्त्रीय संगीत को समृद्ध किया। उनका निधन व्यक्तिगत क्षति की तरह लगता है। वह अपनी निर्लज्ज रचनाओं के माध्यम से हमारे दिलों में हमेशा के लिए रहेंगे। उनके परिवार और अनुयायियों के प्रति संवेदना। ॐ शांति।'
पंडित जसराज के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। मेवाती घराना से जुड़े पंडितजी का संपूर्ण जीवन सुर साधना में बीता। सुरों के संसार को उन्होंने अपनी कला से नए शिखर दिए। उनके जाने से संगीत का बड़ा स्वर मौन हो गया है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंडित जसराज के निधन पर कहा कि उनका जाना संगीत जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा, 'पंडित जसराज जी का निधन संगीत जगत को एक बड़ी क्षति है। वे अपने अमर गायन के माध्यम से सदैव हमारे बीच रहेंगे। उनके परिवार और प्रियजनों को संवेदनाए। उनकी स्मृति को मेरा नमन।'
भाजपा नेता सुनील देवधर ने भी अपनी शोक संवेदना जताई।
बॉलीवुड एक्टर रणदीप हूडा ने भी पंडित जसराज को याद किया।
जाने-माने सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने इस तरह श्रद्धांजलि अर्पित की।
जावेद अख्तर ने कहा कि आज हिंदुस्तानी संगीत का बहुत बड़ा स्तंभ गिर गया है।
गायक व संगीतकार अदनान सामी ने कहा कि उनके निधन से मुझे गहरा धक्का लगा है।