संसद की कार्यवाही में लिया हिस्सा
चिदंबरम ने कहा कि मैं वापस आकर खुश हूं। सरकार संसद में मेरी आवाज नहीं दबा सकती। कांग्रेस सांसदों ने आज संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्याज की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया जिसमें पी चिदंबरम के अलावा गौरव गोगोई, अधीर रंजन चौधरी, कुमारी शैलजा, के सुरेश, कार्ति चिदंबरम आदि ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस सांसदों के हाथों में पोस्टर थे जिस पर लिखा था ‘महंगाई पर प्याज की मार, बंद करो मोदी सरकार’। वे प्याज की कीमत कम करने के लिए कदम उठाने की मांग भी कर रहे थे। कांग्रेस सांसद अपने साथ एक टोकरी प्याज भी लेकर आए थे।
चिदंबरम सुबह बैठक शुरू होने पर सदन में आए और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने उनसे हाथ मिलाते हुए उन्हें गले लगाया। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी उनसे हाथ मिलाया। अगली सीट पर बैठे चिदंबरम पास बैठे ए के एंटनी और आनंद शर्मा से बातचीत करते देखे गए।
गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा था कि सरकार ने देश में प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए हैं जिनमें इसके भंडारण से जुड़े ढांचागत मुद्दों का समाधान निकालने के उपाय शामिल हैं।