एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
भारत और चीन के बीच चल रहे सीमा विवाद को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का बयान आया है। उनका कहना है कि सरकार ने मामले पर चुप्पी क्यों साध रखी है और वह देश को बताए कि क्या चीनी सेना ने भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।
हैदराबाद से सांसद ने कहा, 'हमारी सेना और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एक-दूसरे से क्या बात कर रहे हैं। केंद्र सरकार को देश को बताना चाहिए कि वह चीन से क्या बात कर रहे हैं। वे शर्मिंदा क्यों हैं और चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? क्या वे हमें बता सकते हैं कि लद्दाख में चीनी सेना ने भारतीय क्षेत्र पर कब्जा किया है या नहीं।'
ओवैसी से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर उनके भारत की सीमा पूरी तरह से सुरक्षित हैं वाले बयान को लेकर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि सीमा की हकीकत सभी को मालूम है लेकिन दिल को खुश करने के लिए ये ख्याल अच्छा है।
राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, ‘सब को मालूम है ‘सीमा’ की हकीकत लेकिन, दिल को खुश रखने को, ‘शाह-यद’ ये ख्याल अच्छा है।’ रविवार को वर्चुअल रैली के दौरान शाह ने कहा था कि भारत की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिली है। पूरी दुनिया इस बात से सहमत है कि अमेरिका और इस्राइल के बाद अगर कोई अन्य देश अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है, तो वह भारत है।