गृह मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि अक्तूबर में आयोजित विशेष अभियान 2.0 के दौरान 1 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई हुई है और 90 हजार वर्ग फुट से अधिक जगह खाली हुई है। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विशेष अभियान 2.0 के तहत मैदान और बाहरी कार्यालयों सहित 11,559 स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया था जिसमें ये आय हुई है।
अभियान में मंत्रालय ने कहा कि एमपी संदर्भ, संसदीय आश्वासन, आईएमसी संदर्भ, राज्य सरकार के संदर्भ, पीएमओ संदर्भ, लोक शिकायत और पीजी अपील जैसी विभिन्न श्रेणियों में लंबित कार्यों का भी कुशलतापूर्वक निपटान किया गया। अभियान के दौरान मंत्रालय और उससे संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों के भीतर समीक्षा के लिए कुल 5.15 लाख फाइलों की पहचान की गई थी। इनमें से 4.77 लाख फाइलों की समीक्षा की जा चुकी है और 2.81 लाख फाइलों को हटा दिया गया है। गृह मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि कबाड़ निपटान से अब तक 1,40,99,510 रुपये की कमाई हुई है। 90,525 वर्ग फुट जगह को भी मुक्त कर दिया गया है।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि विशेष अभियान 2.0 के प्रारंभिक चरण के दौरान निवारण के लिए कुल 5,126 जन शिकायतों और अपीलों की पहचान की गई, जिनमें से 4,708 जन शिकायतों और अपीलों का प्रभावी ढंग से निवारण किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के दृष्टिकोण के अनुसार 2 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक गृह मंत्रालय द्वारा विशेष अभियान 2.0 का आयोजन किया गया था।