भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत बायोटेक की वैक्सीन को मंजूरी मिलने पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेताओं पर पलटवार किया है।
नड्डा ने कहा, जब भी भारत कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करता है तो विपक्षी दल अजीब थ्योरी पेश कर उपलब्धि का उपहास उड़ाते हैं। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल अपने विफल राजनीति व दकियानूसी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
नड्डा ने रविवार को ट्वीट किया, कांग्रेस व विपक्ष को किसी भारतीय चीज पर गर्व नहीं है। उन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि कोविड-19 वैक्सीन पर उनके झूठ का इस्तेमाल निहित स्वार्थी समूहों द्वारा किस तरह किया जाएगा। जितना विपक्षी दल विरोध करेंगे, उतना ही उनकी सच्चाई जनता को पता चलेगी।
उन्होंने कहा कि लोगों ने इस तरह की राजनीति को खारिज किया है और भविष्य में भी करेंगे। कांग्रेस और विपक्षी नेता लोगों में दहशत पैदा करना चाहते हैं। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि उन्हें लोगों की जान से खिलवाड़ बंद कर दूसरे मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए। जब पूरा देश वैक्सीन को लेकर कुश है, कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दल लोगों में डर पैदा करना चाहते हैं।
वैक्सीन के मुद्दे पर न हो राजनीति: गिरिराज
आज देश के लिए खुशी का अवसर है और यह समय हमारे वैज्ञानिकों का सम्मान करने का है। वैक्सीन के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। वैज्ञानिकों का सम्मान करने के बजाय उन पर सवाल नहीं उठाने चाहि। देश के कई नेता आज सवाल उठा रहे हैं। यह काफी दुखद है।
- गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री