नोटबंदी के मुद्दे पर संसद में विपक्ष की घेरेबंदी के सामने अब सरकार भी हमलावर हो गई है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में विपक्षी सांसदों को कहा कि वे टीवी कवरेज के लिए नोटबंदी का विरोध करते है। मगर विस्तार से चर्चा करने से भाग खड़े होते हैं।
जेटली ने विपक्ष को सीधे चुनौती दी कि अगर उसमें हिम्मत है तो चर्चा आज से ही शुरू करें। सरकार ने आंकड़ों के साथ विपक्ष पर संसद न चलने देने के लिए जनता का करोड़ों रुपये बर्बाद करने का आरोप लगाया। राज्यसभा की बुधवार को कार्यवाही शुरू होते हुए विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि नोटबंदी के कारण बडी संख्या में लोगों का रोजगार छिन गया है और कामगारों की छंटनी हो रही है।
पिछले 10 दिनों से रिजर्व बैंक ने जमा होने वाले नोटों के बारे में जानकारी देनी बंद कर दी है। राज्यसभा में सरकार के एक सवाल के दिए गए जवाब का जिक्र करते हुए आजाद ने कहा कि सरकार के उत्तर में कहा गया है कि बैंकों के पास पर्याप्त पैसा है। उन्होंने कहा कि जब बैंकों में पर्याप्त पैसा है तो लोग लाइनों में क्यों लगे हुए हैं।