त्तर प्रदेश समेत पांच में से चार राज्यों में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को राज्यसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंचे, तो भाजपा के सांसदों ने उनके स्वागत में नारे लगाये-‘देखो देखो कौन आया, हिंदुस्तान का शेर आया।’ गजब की बात यह रही कि उस समय विपक्ष की तरफ से किसी ने इस दृश्य पर कुछ नहीं कहा। उस समय आसन पर सदन में सभापति हामिद अंसारी बैठे थे।
प्रधानमंत्री प्रश्नकाल के दौरान राज्यसभा में दोपहर सवा बारह बजे पहुंचे। जैसे ही उन्होंने सदन में प्रवेश किया। भाजपा सांसदों ने बोला-‘देखो देखो कौन आया, हिंदुस्तान का शेर आया।’ प्रधानमंत्री अपनी सीट पर पहुंचे और सदन के सभी सदस्यों और सभापति की ओर नमस्कार करके बैठ गए। 15 मिनट बाद वह सदन से चले गए। हैरानी की बात यह रही कि जब ये नारे लग रहे थे, तब सरकार के सदस्यों पर टीका टिप्पणी करने वाले विपक्ष के सांसद चुप रहे।
उस दौरान विपक्षी दल के सांसद चुपचाप अपनी कुर्सी पर बैठे रहे। दरवाजे से अपनी कुर्सी तक जब तक पीएम नरेंद्र मोदी पहुंच नहीं गए तब तक बीजेपी के ये सांसद यह नारा लगाते रहे। गौरतलब है कि बुधवार को पहली बार लोकसभा में आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाजपा के सदस्यों ने मेज थपथपा कर स्वागत करते हुए सदन में ‘जय श्रीराम और भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए थे