बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘मिशन शक्ति’ की सफलता पर बुधवार को डीआरडीओ एवं इस अभियान से जुड़े सभी वैज्ञानिकों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नीतीश ने ‘मिशन शक्ति’ की सफलता पर डीआरडीओ एवं ‘मिशन शक्ति’ से जुड़े सभी वैज्ञानिकों की प्रशंसा करते हुये उन्हें बधाई दी है।
उन्होंने ‘मिशन शक्ति’ की सफलता के फलस्वरूप विश्व की अंतरिक्ष महाशक्तियों के क्लब में भारत के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। अब तक रूस, अमेरिका और चीन के पास ही यह क्षमता थी। नीतीश ने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ भविष्य में देश की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अहम है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ की सफलता डीआरडीओ एवं वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है, जिसके लिये वे बधाई के पात्र हैं। ‘‘मेरी शुभकामनायें उनके साथ हैं। पूरे देश को उन पर गर्व है।’’
अंतरिक्ष में सैटेलाइट मार गिराने पर पीएम के संबोधन का संज्ञान ले आयोग : मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि चुनाव आयोग को अंतरिक्ष में सैटेलाइट मार गिराने पर पीएम मोदी द्वाराचुनावी लाभ की राजनीति करने का संज्ञान लेना चाहिए। मायावती ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि देश के रक्षा वैज्ञानिकों द्वारा अंतरिक्ष में सैटेलाइट मार गिराए जाने का सफल परीक्षण करके देश का सिर ऊंचा करने के लिए वह बधाई देती हैं। लेकिन इसकी आड़ में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा चुनावी लाभ के लिए राजनीति करना अति निंदनीय है। उन्होंने चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह कदम किसी देश के खिलाफ नहीं है और हमारे वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में 300 किमी दूर पृथ्वी की निचली कक्षा 'एलईओ' में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। यह लाइव सैटेलाइट एक पूर्व निर्धारित लक्ष्य था, जिसे एंटी सैटेलाइट मिसाइल द्वारा मार गिराया गया है। यह अभियान तीन मिनट में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।