'डंके की चोट पर अभिनंदन वापस आया'
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ भारत 'आत्मनिर्भरता' की ओर तेजी से बढ़ रहा है और दूसरी तरफ कांग्रेस अब भी मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर होती जा रही है। दुर्भाग्य से कांग्रेस को मुद्दे भी पाकिस्तान से 'इम्पोर्ट' करने पड़ रहे हैं! जब पायलट अभिनंदन पकड़े गए, तो पाकिस्तान में खुशी का माहौल होना स्वाभाविक था, क्योंकि उनके हाथ भारतीय सेना का पायलट लगा था, लेकिन यहां पर भी कुछ लोग थे जो कानों-कान कह रहे थे — "अब मोदी फंसा, अब देखते हैं, मोदी क्या करता है। डंके की चोट पर अभिनंदन वापस आया।
'बीएसएफ का वो जवान भी आन, बान और शान के साथ वापस आया'
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद जब हमारे बीएसएफ का एक जवान पाकिस्तान के कब्जे में गया, तो इन्हें लगा कि अब मोदी फंस जाएगा। अब तो मोदी की फजीहत जरूर होगी। इनके इकोसिस्टम ने सोशल मीडिया पर तमाम कथाएं वायरल कीं- बीएसएफ जवान का क्या होगा, उसके परिवार का क्या होगा? बीएसएफ का वो जवान भी आन, बान और शान के साथ वापस आया।
'कांग्रेस अपने नए सदस्य से कहलवाती है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तमाशा था'
पीएम मोदी ने कहा कि सेना का विरोध और सेना के प्रति नकारात्मकता- ये कांग्रेस का पुराना रवैया रहा है। अभी देश ने कारगिल विजय दिवस मनाया, लेकिन देश जानता है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में और आज तक न तो कारगिल की विजय को अपनाया है, न ही कारगिल विजय दिवस मनाया है, और न ही कारगिल का गौरव किया है। कांग्रेस का भरोसा पाकिस्तान के रिमोट कंट्रोल से बनता है… और बदलता भी है। कांग्रेस अपने नए सदस्य से कहलवाती है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तमाशा था। जिस भीषण आतंकी घटना में 26 लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया — उस पर ये तेजाब छिड़कने वाला पाप है।
'जब आतंकियों को मार गिराया गया तो कल ही क्यों हुआ... क्या हाल है इन लोगों का...'
उन्होंने कहा कि कल हमारे सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन 'महादेव' को अंजाम दिया और पहलगाम हमले के तीनों आतंकियों को मार गिराया, लेकिन कल यहां पूछा गया कि आज ही क्यों हुआ, क्या ऑपरेशन के लिए सावन महीने का सोमवार ढूंढा गया था। पिछले कई सप्ताह से पूछा जा रहा था कि पहलगाम के आतंकियों का क्या हुआ और जब आतंकियों को मार गिराया गया तो कल ही क्यों हुआ... क्या हाल है इन लोगों का...। कांग्रेस के शासन के दौरान सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संबंध में सोचा तक नहीं जाता था, आज भी आत्मनिर्भर शब्द का मजाक उड़ाया जाता है। हर रक्षा सौदे में कांग्रेस अपने मौके खोजती थी। हर छोटे छोटे हथियारों के लिए विदेशों पर निर्भरता, ये इनका कार्यकाल रहा है।