केरल में बच्चों के अश्लील वीडियो बनाने के एक बडे़ नेटवर्क का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। ऑपरेशन पी हंट के तहत चलाए गए इस राज्यव्यापी अभियान में 41 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। अभियान का नेतृत्व करने वाले साइबरडोम ऑफिसर और एडीजीपी मनोज अब्राहम ने बताया कि इस मामले में पूरे राज्य में 339 केस दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां तब की गईं, जब सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप पर बच्चों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो फैलाए जा रहे थे। कम से कम 339 मामले दर्ज किए गए हैं और 392 उपकरण भी जब्त किए गए हैं। ये छापे राज्य में 465 स्थानों पर की गई। 41 मामले पॉक्सो कानून के तहत, जबकि 298 मामले आपराधिक प्रक्रिया संहिता के तहत दर्ज की गईं। आरोपियों के पास से चाइल्ड पोर्नोग्राफी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बड़ी मात्रा में जब्त किए गए हैं।
ज्यादातर आरोपी आईटी प्रोफेशनल
वहीं, केरल पुलिस की बच्चों को यौन शोषण से सुरक्षा देने वाली टीम ने बताया कि बच्चों से अश्लील हरकतें करने और उनका वीडियो बनाने के मामले कोराना महामारी के दौरान ज्यादा बढ़े। जो लोग गिरफ्तार किए गए हैं, उनमें से ज्यादातर युवा और आईटी प्रोफेशनल हैं।
सबसे ज्यादा मलप्पुरम में मामले
पुलिस के मुताबिक, 46 मामलों के साथ मलप्पुरम जिले में सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए। वहीं, 38 मामलोें के साथ पलक्कड़ दूसरे नंबर पर है। वहीं, अलप्पुझा में 32 मामले, तिरुवनंतपुरम ग्रामीण में 30 मामले दर्ज किए गए। अलप्पुझा से 43 उपकरण, जबकि तिरुवनंतपुरम ग्रामीण से 49 उपकरण भी जब्त किए गए।