ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन ने नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुई घटना पर अपनी सफाई पेश की है। एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई का हाथ नहीं पकड़ने पर उन्होंने कहा कि मैं थोड़ा असमंजस में था और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मुझे क्या करना चाहिए।
राजधानी दिल्ली में हो रहे एआई इंपैक्ट समिट से एक तस्वीर पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रुप फोटो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने साथ मौजूद दूसरे टेक लीडर्स का हाथ एक साथ मिलकर उठाते हैं। हालांकि इस दौरान ओपन एआई (OpenAI) के सीईओ सैम ऑल्टमैन अपने प्रतिद्वंदी एआई फर्म एंथ्रोपिक (Anthropic) के सीईओ डारियो अमोदेई का हाथ नहीं पकड़ते। जिस पर अब उन्होंने सफाई दी है।
फोटो के दौरान हुआ क्या?
प्रधानमंत्री मोदी बीच में खड़े थे, उनके दाईं ओर पिचाई और बाईं ओर सैम ऑल्टमैन थे। ऑल्टमैन के पास डारियो अमोदेई खड़े थे, जो कभी ओपनएआई में उनके साथ काम कर चुके हैं और बाद में अपनी कंपनी एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक बने। जब कैमरे फ्लैश हो रहे थे, तो प्रधानमंत्री और बाकी नेता हाथ ऊपर उठाकर एक-दूसरे का हाथ थामे हुए थे। इस दौरान ऑल्टमैन और अमोडेई कुछ पल के लिए असमंजस में दिखे कि उन्हें हाथ मिलाना है, बाहें पकड़नी हैं या हाथ ऊपर उठाना है। अंत में दोनों ने हवा में अपनी मुट्ठी उठाकर फोटो खिंचवाई।
अपनी सफाई में क्या बोले ऑल्टमैन?
ऐसे में जब ऑल्टमैन से उस अजीब पल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता था कि क्या हो रहा है। मैं थोड़ा कन्फ्यूज था, जैसे प्रधानमंत्री मोदी ने मेरा हाथ पकड़ा और ऊपर कर दिया, और मुझे बस यह नहीं पता था कि हमें क्या करना चाहिए। मुझे लगा कि यह खुली हुई घड़ी है। बता दें कि 40 वर्षीय ऑल्टमैन और उनसे तीन साल बड़े अमोदेई (43) ने 2019 तक ओपनएआई में साथ काम किया और बाद में मतभेदों के चलते अलग हो गए।