केरल के इडुक्की जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां घने जंगलों के बीच से गुजर रही जीप से एक साल की मासूम सड़क पर गिर गई और माता-पिता सोते रहे। बच्ची रेंगते हुए नजदीकी चेक पोस्ट पर पहुंच गई, जहां मौजूद वन अधिकारियों की नजर उस पर पड़ी। जिसके बाद बच्ची को उसके माता-पिता तक पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची और उसके परिजन कांबलीकंदम में रहते हैं और तमिलनाडु के पलानी मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। मुन्नार के सब इंस्पेक्टर संतोष केएस ने बताया कि जब माता-पिता को बच्ची के गिरने का पता चला तो उन्होंने वेल्लाथुवल पुलिस स्टेशन में खबर की, लेकिन तब तक हमने सभी थानों को बच्ची के बारे में सूचित कर दिया था। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रविवार देर रात डेढ़ बजे बच्ची को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।