डेंगू एक वायरल बुखार है जो एडीज एजिप्टी नाम के मच्छर के काटने से फैलता है। यह खासतौर पर बरसात और उसके बाद के मौसम में ज्यादा फैलता है। समय रहते इसके लक्षण पहचानकर इलाज करना और बचाव के उपाय अपनाना बहुत जरूरी है।
डेंगू के मुख्य लक्षण
- डेंगू के लक्षण अक्सर संक्रमण के 4–10 दिन बाद दिखाई देते हैं।
- तेज बुखार - अचानक तेज बुखार आना, उल्टी या जी मिचलाना
- सिरदर्द - खासकर आंखों के पीछे तेज दर्द।
- मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द - इतना कि इसे कभी-कभी हड्डी तोड़ बुखार भी कहा जाता है।
- थकान और कमजोरी - बुखार उतरने के बाद भी लंबे समय तक कमजोरी रहना।
- चमड़ी पर लाल चकत्ते - शरीर या हाथ-पैर पर छोटे-छोटे लाल धब्बे।
- गंभीर मामलों में - नाक/मसूड़ों से खून आना, पेट में दर्द, सांस लेने में दिक्कत, प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से गिरना।
डेंगू से बचाव के उपाय
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें - कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकी आदि में पानी हर हफ्ते खाली या बदलें।
- मच्छरदानी का इस्तेमाल करें, खासकर दिन में सोते समय (क्योंकि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है)।
- शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें - फुल बाजू की शर्ट, पैंट आदि।
- मच्छर भगाने वाली क्रीम, स्प्रे या कॉइल का इस्तेमाल करें।
- खिड़की और दरवाजों पर जाली लगाएं।