मणिपुर के तमांगलांग जिले में रविवार को बराक नदी पर बना बेली पुल अचानक गिर गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पुल के ऊपर से रेत से लदा भारी ट्रक गुजर रहा था, जो नीचे नदी में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। बता दें कि बेली पुल लोहे के उस अस्थायी पोर्टेबल पुल को कहते हैं, जो अमूमन सेना अपने अभियानों के दौरान इस्तेमाल करती है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह 7 बजे के करीब ताओबाम गांव के करीब हुई। पुल गिरने के समय नागालैंड के दीमापुर से रेत लेकर आ रहा 10 पहिये वाला भारी ट्रक उसके ऊपर से गुजर रहा था। इंफाल की तरफ जा रहा ट्रक सीधा नीचे नदी में जा गिरा और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि दो अन्य व्यक्ति घायल होने के बावजूद ट्रक से निकलने में सफल रहे।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तत्काल बाद स्थानीय लोग, राज्य पुलिस और सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए तथा बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुल गिरने के कारण इंफाल को जिरिबाम जिले से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
बता दें कि इस बेली पुल की जगह राष्ट्रीय राजमार्ग व ढांचागत विकास निगम लिमिटेड 30.75 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से चार लेन का पुल बनाने के लिए बोली आमंत्रित कर चुका है।