सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा, 'मैं 29 मई की रात को मंगन जिले के चुबोम्बू के पास हुई दुखद सड़क दुर्घटना से बहुत दुखी हूं, जहां लाचेन से लाचुंग जाते समय एक पर्यटक वाहन तीस्ता नदी में गिर गया। इस अत्यंत कठिन समय में मेरी हार्दिक प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।'
उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में 11 पर्यटकों को ले जा रहा एक वाहन तीस्ता नदी में गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बाकी आठ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि दुर्घटना गुरुवार रात को हुई, जब वाहन लाचेन से लाचुंग की ओर जा रहा था। यह पहाड़ी मार्ग पर एक खतरनाक मोड़ पर तीस्ता नदी में लगभग 1,000 फीट नीचे गिर गया। इलाके में आए दिन दुर्घटना होती रहती है।
विज्ञापन
सीएम प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि पुलिस, आईटीबीपी, अग्निशमन और चिकित्सा टीमों और स्थानीय स्वयंसेवकों के प्रयासों से एसपी मंगन की देखरेख में बचाव अभियान तुरंत शुरू हो गया। सीएम ने कहा, 'हमारी सरकार पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि चल रहे बचाव और राहत प्रयासों के लिए हर आवश्यक संसाधन तैनात किया जाए। आइए हम दुख की इस घड़ी में एकजुट हों और प्रभावित लोगों को अपना समर्थन दें।'
'अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि पर्यटक किस क्षेत्र के थे'
पुलिस ने बताया कि अब तक दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बचा लिया गया है और एक शव बरामद किया गया है। मंगन के पुलिस अधीक्षक सोनम देचू भूटिया ने कहा कि आठ पर्यटक अभी भी लापता हैं। घायलों को इलाज के लिए गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल लाया गया है। अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि पर्यटक किस क्षेत्र के थे।
विज्ञापन
'टीमें दुर्घटनास्थल तक पहुंचने और गहरी खाई में वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रहीं'
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सिक्किम पुलिस और स्थानीय प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने चुनौतीपूर्ण इलाके और मौसम की स्थिति में देर रात बचाव अभियान शुरू किया। बचाव कार्य जारी है। टीमें दुर्घटनास्थल तक पहुंचने और गहरी खाई में वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। गोताखोरों और उच्च ऊंचाई वाली बचाव इकाइयों को भी तैनात किया गया है।
दुर्घटना के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा
मृतकों, घायलों और दुर्घटना के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे अगली सूचना तक मार्ग पर अनावश्यक यात्रा न करें।