नायक फिल्म में लोगों ने अभिनेता अनिल कपूर को एक दिन का मुख्यमंत्री बनते देखा होगा। अब डीएम ने पर्यावरण और स्वच्छता मिशन को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए घोषणा की है कि इस अभियान में जो शिक्षण संस्थाएं रुचि लेते हुए सराहनीय कार्य करेंगी, उसके टीम लीडर को एक दिन के लिए जिलाधिकारी की कुर्सी सौंप दी जाएगी। वह एसएस लॉ कॉलेज में मंगलवार से शुरू किए गए पर्यावरण एवं स्वच्छता अभियान में बोल रहे थे।
मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की पहल से अभिभूत डीएम अमृत त्रिपाठी ने कहा कि टीम लीडर शिक्षक और छात्र-छात्राएं पूरी तैयारी के साथ अभियान में जुटें। उनकी मदद के लिए वह सरकारी बजट और अन्य उपयोगी आंकड़े उपलब्ध करा देंगे, जिनको आधार बनाकर विकास के मानक भी सर्वे किए जाएं तो निश्चित ही सफलता मिलेगी। डीएम ने कहा कि अभियान में ओडीएफ, स्कूलों की स्थिति, गांव में सफाई की स्थिति, शौचालयों के उपयोग के साथ सोशल ऑडिट का काम भी पूरा होगा, तो उन्हें खुशी होगी।
उन्होंने घोषणा की कि वह 10 अक्तूबर को इसकी जांच कराएंगे और इसमें यदि सभी कार्य सराहनीय पाए जाते हैं तो वह विजेता टीम को एक दिन का कलक्टर बना देंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एसएस कॉलेज के लिए ही नहीं होगा, यदि अन्य कोई कॉलेज भी इस दिशा में आगे आता है, तो उसे भी एक दिन का डीएम बनने का गौरव प्रदान किया जाएगा।
स्वामी चिन्मयानंद ने भरोसा दिया कि महाविद्यालय शासन, प्रशासन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने टीमों का आह्वान किया कि वह अपने घरों की तरह ही जिला, प्रदेश और देश को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी निभाएं। डॉ. अनुराग अग्रवाल के संचालन में हुए कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अवनीश कुमार मिश्र ने आभार व्यक्त किया। लॉ कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय बरनवाल ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।