लोकसभा में शुक्रवार को पीएम केयर्स फंड को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बहस हो गई। सदन में कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि पीएम केयर्स फंड का नाम प्रधानमंत्री की संस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह अधिक उपयुक्त नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर यह फंड सार्वजनिक विश्वास के बजाय कानून के माध्यम से बनाया गया होता तो ज्यादा उपयुक्त होता।
अधीर रंजन चौधरी ने की आपत्तिजनक टिप्पणी
इससे पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस के सांसद अधीर रंजन चौधरी ने वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही को आधे घंटे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
टीएमसी सांसद ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पर लगाया आरोप
वहीं, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष बीजेपी सदस्यों का बचाव कर रहे हैं। बनर्जी ने कहा कि अध्यक्ष हमेशा विपक्षी सदस्यों को रोकते हैं। बनर्जी ने यहां तक कहा दिया कि अगर अध्यक्ष उन्हें निलंबित करना चाहते हैं, तो वो इसके लिए तैयार हैं, लेकिन वे इस तरह के व्यवहार को अब बर्दाश्त नहीं कर सकते। अधीर रंजन चौधरी ने भी कल्याण बनर्जी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित सदस्य भी विपक्षी सदस्यों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।