ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक (Haitham Bin Tarik) भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे। सुल्तान ने विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात के दौरान दोनों देशों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। जयशंकर ने कहा कि विदेश मंत्रालय भारत और ओमान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने में सुल्तान के मार्गदर्शन को महत्व देता है।राजकीय यात्रा की शुरुआत में ओमान के महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात सम्मान की बात है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ओमान के राष्ट्राध्यक्ष के साथ वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत दौरे पर पहुंचा है। भारत पहुंचे ओमान के सुल्तान की यह पहली राजकीय यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि नई दिल्ली पहुंचने पर ओमान के सुल्तान से विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मुलाकात करेंगे।
सरकार ने बताया कि ओमान के सुल्तान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर भारत आए हैं। 16 दिसंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी उनका औपचारिक स्वागत करेंगे। वह नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट का भी दौरा करेंगे। अपनी यात्रा के दूसरे दिन हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का भी आयोजन करेंगे। विदेश मंत्रालय का कहना है कि ओमान के सुल्तान की भारत यात्रा क्षेत्रीय स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच भविष्य में सहयोग के रास्ते तलाशने का अवसर प्रदान करेगी।
भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों पर आधारित दीर्घकालिक मित्रता है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1955 में स्थापित हुए थे और 2008 में इस रिश्ते को रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ाया गया था, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने खाड़ी देश का दौरा किया था। साल 2018 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओमान यात्रा ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा।