बिजली बिल का भुगतान या दवा खरीदने के लिए 500 रुपये के पुराने नोट बुधवार मध्यरात्रि तक ही उपयोग किया जा सकता है। सरकार ने 15 दिसंबर के बाद इसके लिए समयसीमा नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।
इसके अतिरिक्त पुराने नोट से मोबाइल रिचार्ज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि, लोग पुराने 500 रुपये के नोट बैंक खातों में जमा कर सकते हैं। आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने ट्विटर पर लिखा, ‘पुराने 500 रुपये के नोट के उपयोग को लेकर मिली छूट 15 दिसंबर की मध्यरात्रि से समाप्त हो जाएगी।’
इसका मतलब है कि पुराने 500 रुपये के नोट दवा की दुकानों तथा बिजली बिल और पानी बिल आदि जैसे जन उपयोगी सेवाओं के भुगतान में नहीं किए जा सकेंगे। सरकार ने पहले ही रेलवे या विमान टिकटों तथा पेट्रोल पंपों पर भुगतान एवं टोल प्लाजा पर पुराने 500 रुपये के भुगतान की छूट को वापस ले लिया है।