ओडिशा में सड़क हादसे में परिवार के छह लोगों की मौत
ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ इलाके में बुधवार शाम दो ट्रकों ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में चार महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-520 पर रिमुली बाईपास के पास हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार सवार सभी छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
शाह का दावा- ओडिशा में भाजपा नेता बनेगा मुख्यमंत्री
गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में ओडिशा की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। जबकि, बीजद के 25 वर्ष के शासन में मुख्यमंत्री पटनायक ने राज्य को 50 साल पीछे धकेल दिया है। लोगों ने अब नवीन बाबू को अलविदा कहने का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा नेता ही ओडिशा का मुख्यमंत्री बनेगा।
गृह मंत्री शाह गंजम में अस्का लोकसभा क्षेत्र के तहत सोरोदा में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि राज्य को निर्वाचित प्रतिनिधियों के बजाय ‘बाहरी लोगों’ द्वारा चलाया जा रहा है।
मैराथन अभियान पर निकले पटनायक
सत्तारूढ़ बीजद अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपने करीबी सहयोगी वीके पांडियन के साथ बुधवार को राउरकेला और संबल में चार चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने द्वारा लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं पर लोगों से प्रतिक्रिया ली।उनके सभी भाषण अधिकतम सात से 10 मिनट तक ही सीमित रहे।