ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने सोमवार को बारीपदा में एक विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण के दौरान नौ मिनट तक बिजली कटौती पर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी।
सात दिनों के भीतर मांगी रिपोर्ट
राज्यपाल ने मुख्य सचिव पीके जेना और महाराजा श्रीराम चंद्र भंजदेव विश्वविद्यालय (एमएससीबीयू) के कुलपति संतोष त्रिपाठी से 6 मई को जब राष्ट्रपति भाषण दे रही थीं तब सभागार में बिजली व्यवधान पर एक विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा है। गौरतलब है कि राज्यपाल विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं। राज्यपाल ने सात दिनों के भीतर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
संतोष त्रिपाठी ने राजभवन से एक पत्र मिलने की पुष्टि की और कहा कि वह मंगलवार को जवाब देंगे। राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान जब बिजली चली गई थी उस वक्त गणेशी लाल सभागार में ही मौजूद थे। नौ मिनट के लिए सभागार में अंधेरा छा गया था, लेकिन राष्ट्रपति मुर्मू ने अपना भाषण देना जारी रखा।
हालांकि, सुबह 11.56 बजे से दोपहर 12.05 बजे तक पूरे ब्लैकआउट के दौरान सभागार में एयर कंडीशनर, माइक्रोफोन और पंखे सामान्य रूप से काम कर रहे थे। लेकिन इस घटना ने राज्य में एक राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है और भाजपा ने इस घटना पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, एमएससीबीयू (MSCBU) के अधिकारियों को संदेह है कि ब्लैकआउट किसी गड़बड़ी के कारण हुआ था।